कल्याणी-बैरकपुर एक्सप्रेसवे पर पति के सामने 20 वर्षीय महिला से सामूहिक दुष्कर्म। आठ आरोपी गिरफ्तार, सभी कांचरापाड़ा निवासी। महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े, जिसके बाद आरोपी भाग गए।

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में 20 साल की महिला के साथ उसके पति के सामने गैंगरेप किया गया। घटना कल्याणी-बैरकपुर एक्सप्रेसवे पर मंगलवार की रात घटी। पुलिस ने इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी कांचरापाड़ा के रहने वाले हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात महिला अपने पति के साथ कल्याणी-बैरकपुर एक्सप्रेसवे पर जा रही थी। घटना स्थल के पास सड़क किनारे कई बदमाश बैठकर शराब पी रहे थे। इन लोगों ने महिला और उसके पति को घेर लिया।

महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े

बदमाशों ने महिला को गाड़ी से खींच लिया। उसके पति को बंधक लिया। बदमाश महिला के साथ जबरदस्ती करने लगे तो पति ने उसे बचाने की कोशिश की। बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की। गैंगरेप किए जाने के समय महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े। लोगों को आते देख बदमाश भाग गए।

पुलिस ने पहले चार आरोपियों को किया था गिरफ्तार

बुधवार सुबह महिला ने कल्याणी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शुरू में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया। इनसे पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आठों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। अदालत ने सभी को पुलिस हिरासत में भेजा है। उसने पूछताछ की जा रही है।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। फोरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम को सबूत इकट्ठा करने के लिए घटनास्थल पर भेजा गया था। सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जांच जारी है। महिला का बयान लिया गया है। उसके पति से भी घटना को लेकर जानकारी ली गई है। घटना स्थल के आसपास के इलाके के लोगों से भी पूछताछ की गई है। 

यह भी पढ़ें- जोधपुर ब्यूटीशियन हत्याकांड: 6 टुकड़ों में मिला शव, खौफनाक राज का खुलासा