संसद का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो रहा है। शीतकालीन सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया से बात की। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि 2019 का ये आखिरी संसद सत्र है, राज्यसभा का 250वां सत्र है।

नई दिल्ली: संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सोमवार को लोकसभा में चार नए सदस्यों को शपथ दिलाई गई। लोजपा के प्रिंस राज, भाजपा की हिमाद्री सिंह, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के श्रीनिवास दादा पाटिल और द्रमुक के डी एम कथिर आनंद ने शपथ ली। प्रिंस राज बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट से चुनकर आए हैं। उनके पिता रामचंद्र पासवान के निधन के बाद इस सीट के लिए उपचुनाव हुआ था। मध्य प्रदेश के शहडोल संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित भाजपा की हिमाद्री सिंह 17वीं लोकसभा के पहले सत्र में निजी कारणों से शपथ नहीं ले पाई थीं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

महाराष्ट्र और तमिलनाडु NDA के दो सांसद 

राकांपा के श्रीनिवास पाटिल ने महाराष्ट्र की सतारा लोकसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की है। इस सीट से सांसद रहे उदयन राजे भोंसले कुछ हफ्ते पहले सदन की सदस्यता से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे। इसके बाद हुए उपचुनाव में पाटिल ने भोंसले को पराजित कर दिया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन को बताया कि उन्होंने भोंसले का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

द्रमुक के कथिर आनंद तमिलनाडु के वेल्लोर लोकसभा सीट से चुनकर आए हैं। इस क्षेत्र में लोकसभा चुनाव के दौरान बड़े पैमाने पर नकदी बरामदगी के चलते यहां का चुनाव रद्द कर दिया गया था। यहां हाल ही में चुनाव संपन्न हुआ था।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)