हुगली में एक महिला ने अपने प्रेमी की सरेआम चाकू मारकर हत्या कर दी। सीसीटीवी फुटेज में खौफनाक वारदात कैद, पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया।

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में एक महिला ने सरेआम अपने प्रेमी को चाकू घोंपकर मार डाला। घटना शनिवार की है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मारा गया व्यक्ति महिला के साथ रिलेशनशिप में था। उसकी पहचान तापस के रूप में हुई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

महिला का नाम शबनम है। वह अपने पति के साथ रिशारा में रहती थी। विवाद होने पर वह पति से अलग खुरीगाछी इलाके में किराए के मकान में रहने लगी थी। घटना के वक्त की सीसीटीवी फुटेज से बड़ी जानकारी मिली है। भद्रेश्वर खुरीगाछी इलाके में एक आदमी और दो महिलाएं सड़क पर टहल रहे थे।

महिला और मृतक व्यक्ति के बीच हुई थी बहस
पुलिस अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी महिला और मृतक व्यक्ति के बीच बहस हुई थी। इसी दौरान महिला ने अचानक चाकू निकाला और उस आदमी पर हमला कर दिया। उसने आदमी के शरीर में एक के बाद एक कई बार चाकू गोद दिया। इससे वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। वहां से गुजर रहे एक साइकिल सवार ने घटना देखी, लेकिन दोनों महिलाएं ऐसे चली गईं जैसे कुछ हुआ ही न हो।

पुलिस ने आरोपी महिला को किया गिरफ्तार
सड़क पर खून से लथपथ आदमी के पड़े होने की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक देर हो गई थी। पीड़ित की मौत हो चुकी थी। चंदननगर के पुलिस कमिश्नर अमित पी जवालगी ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल पर मौजूद दूसरी महिला से भी पूछताछ की जा रही है।

व्यक्ति के शव को चंदननगर अस्पताल भेजा गया। चुचुरा इमामबाड़ा जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। स्थानीय पार्षद सुरेश साउ ने बताया कि तापस की पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद वह आरोपी महिला के साथ रहने लगा था।

यह भी पढ़ें- J&K: क्या है TRF जिसने ली प्रवासियों पर हमले की जिम्मेदारी, जानें पाक से नाता