सार

Women in Liquor Shops: BJP ने पश्चिम बंगाल सरकार के शराब नीति संशोधन का विरोध किया, जिसमें महिलाओं को ON-शॉप्स में काम करने की अनुमति दी गई है। कोलकाता में बीजेपी का बड़ा प्रदर्शन, जानें पूरा मामला।

 

Women in Liquor Shops: पश्चिम बंगाल सरकार ने Bengal Excise Act 2025 में संशोधन कर महिलाओं को ON-शॉप्स (बार और रेस्टोरेंट) में काम करने की अनुमति देने का फैसला किया है। ममता बनर्जी सरकार के इस फैसले का BJP ने कड़ा विरोध किया है। शनिवार को बीजेपी ने प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के नेतृत्व में कोलकाता में स्टेट एक्साइज डिपार्टमेंट के ऑफिस का घेराव किया।

क्या है बंगाल सरकार का नया शराब कानून?

बंगाल सरकार ने West Bengal Finance Bill, 2025 के तहत शराब नीति में बड़ा बदलाव किया है। नए कानून के तहत अब महिलाएं बार में काम कर सकेंगी।

  • महिलाएं अब ON-शॉप्स (बार और रेस्टोरेंट) में काम कर सकेंगी।
  • पहले महिलाओं को ऐसे स्थानों पर रोजगार देने पर प्रतिबंध था, जिसे सरकार ने लैंगिक भेदभाव बताया।
  • नए संशोधन में अवैध शराब निर्माण रोकने के लिए कड़े प्रावधान जोड़े गए हैं।
  • चाय उद्योग को टैक्स में राहत देने का भी फैसला लिया गया है।

BJP का विरोध, कहा क्या महिलाओं का सशक्तिकरण शराब परोसने से होगा?

BJP ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए महिला सशक्तिकरण के नाम पर महिलाओं का अपमान बताया है। बीजेपी नेता अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का मतलब क्या महिलाओं को बार में शराब परोसने के लिए मजबूर करना है? क्या इसी तरह सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाना चाहती है? हम इस फैसले का कड़ा विरोध करेंगे।

TMC का पलटवार: लैंगिक भेदभाव खत्म करने का कदम

बिल को सदन में पेश करने वाली राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने बीजेपी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को सभी क्षेत्रों में समान अवसर देना चाहती है। यह फैसला पुराने कानूनों को आधुनिक बनाने के लिए लिया गया है। BJP सिर्फ राजनीतिक फायदा उठाने के लिए इस मुद्दे को तूल दे रही है। राज्यमंत्री ने बीजेपी पर महिला सशक्तिकरण विरोधी होने का आरोप भी लगाया।