30 मई, 2008 को दूसरी बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री बने येदियुरप्पा इस कार्यकाल में सबसे ज्यादा दिनों तक सीएम रहे। इस दौरान उन्होंने 3 साल 2 महीने तक कर्नाटक की कमान संभाली। 

बेंगलुरू। भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा ने 26 जुलाई को चौथी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इससे पहले वो तीन बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री बन चुके हैं। हालांकि अब तक एक बार भी वो अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए हैं। तीसरी बार तो उनका कार्यकाल महज दो दिन का ही रहा। वैसे, अब तक कुल 3 कार्यकालों में येदियुरप्पा 3 साल 69 दिनों तक सीएम रहे हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred


येदियुरप्पा पहली बार 12 नवंबर, 2007 को कर्नाटक के सीएम बने थे। सीएम बनने के आठवें ही दिन 19 नवंबर, 2007 को उन्हें पद छोड़ना पड़ा था। दरअसल, गठबंधन सरकार में हुए समझौते के मुताबिक मुख्यमंत्री पद पर दोनों दलों के नेताओं को बराबर-बराबर समय तक मुख्यमंत्री पद पर रहना था। समझौते के तहत येदियुरप्पा ने जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी को फरवरी, 2006 में मुख्यमंत्री बनवा दिया था, लेकिन जब येदियुरप्पा के मुख्यमंत्री बनने का वक्त आया, तो कुमारस्वामी समझौते से मुकर गए। इसके बाद येदियुरप्पा के दल ने समर्थन वापस ले लिया और राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू हो गया।


2008 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने शानदार जीत हासिल की। इसके बाद येदियुरप्पा 30 मई, 2008 को दूसरी बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री बने। इस कार्यकाल के दौरान लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार के मामलों में उनका नाम उजागर किया। इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व के दबाव की वजह से उन्होंने 31 जुलाई, 2011 को इस्तीफा दे दिया। इस दौरान वो 3 साल दो महीने तक सीएम रहे। 


येदियुरप्पा तीसरी बार 17 मई, 2018 को सीएम बने। हालांकि विधानसभा में बहुमत साबित न कर पाने की वजह से 19 मई, 2018 को उनकी सरकार गिर गई। तीसरी बार येदियुरप्पा सिर्फ दो दिन तक ही सीएम रहे। 


येदियुरप्पा ने चौथी बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री के तौर पर 26 जुलाई को शपथ ली है। अब उन्हें 31 जुलाई तक विधानसभा में बहुमत साबित करना है। येदियुरप्पा ने कहा है कि वो 29 जुलाई (सोमवार) को बहुमत साबित करेंगे।