अमेरिका के टेक्सास में एक दिल दहलाने वाली घटना हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल 'ब्लैकआउट चैलेंज' के चक्कर में 9 साल की एक बच्ची की जान चली गई। बच्ची के माता-पिता ने अब दूसरे पेरेंट्स को अपने बच्चों पर ध्यान देने की अपील की है।

टेक्सास: सोशल मीडिया आज बच्चों से लेकर बड़ों तक, सबकी जिंदगी का हिस्सा बन गया है। लेकिन ये कितना खतरनाक हो सकता है, इसका अंदाजा टेक्सास की इस घटना से लगाया जा सकता है। यहां 'ब्लैकआउट चैलेंज' नाम के एक ऑनलाइन गेम के चक्कर में 9 साल की एक बच्ची की मौत हो गई। इस घटना के बाद बच्ची के माता-पिता ने सभी को सावधान रहने को कहा है।

सिंगर बनने का सपना देखती थी, यूट्यूब पर वीडियो देख करती थी प्रैक्टिस

टेक्सास के रहने वाले कर्टिस और वेंडी ब्लैकवेल की 9 साल की बेटी जैकलिन के ब्लैकवेल की इस हादसे में जान चली गई। जैकलिन को गाने का बहुत शौक था और वो एक सिंगर बनना चाहती थी। इसके लिए वो यूट्यूब पर मशहूर सिंगर्स के वीडियो देखकर प्रैक्टिस करती थी। इसी दौरान उसकी दिलचस्पी सोशल मीडिया, रील्स और ऑनलाइन गेम्स में बढ़ने लगी, जो आखिर में उसकी मौत की वजह बनी।

'ब्लैकआउट चैलेंज' ने ले ली जान

जैकलिन ने सोशल मीडिया पर चल रहे खतरनाक 'ब्लैकआउट चैलेंज' को एक्सेप्ट कर लिया था। इस चैलेंज के तहत उसने एक तार की मदद से खुद का दम घोंट लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। यह गेम खासतौर पर बच्चों को ही अपना निशाना बनाता है, जो इसके खतरों से अनजान होते हैं।

कैसे हुआ हादसा?

कर्टिस और वेंडी की जैकलिन इकलौती बेटी थी और बहुत टैलेंटेड थी। जब स्कूल के लिए देर होने पर भी जैकलिन अपने कमरे से बाहर नहीं आई, तो मां-बाप उसे देखने गए। लेकिन वो बेडरूम में नहीं थी। बाद में जैकलिन घर के पीछे वाले हिस्से में बेहोश मिली। उसके पिता कर्टिस ने उसे CPR देने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। एक तार की मदद से दम घुटने से उसकी जान चली गई थी।

क्या है ये 'ब्लैकआउट चैलेंज'?

यह सोशल मीडिया पर बच्चों को दिया जाने वाला एक खतरनाक टास्क है। इसमें बच्चों को तब तक अपनी सांस रोकनी होती है, जब तक कि वो बेहोश न हो जाएं। चैलेंज में यह कहकर उकसाया जाता है कि इससे एक पल का 'किक' या बहुत ज्यादा खुशी मिलती है। इसी झूठी बात और उत्सुकता में बच्चे फंस जाते हैं। CDC की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस चैलेंज की वजह से अब तक 80 बच्चों की मौत हो चुकी है। मरने वाले सभी बच्चों की उम्र 9 से 14 साल के बीच थी।

माता-पिता की चेतावनी

जैकलिन के माता-पिता ने अब सभी पेरेंट्स को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि अगर आपके बच्चे मोबाइल पर ज्यादा समय बिता रहे हैं या सोशल मीडिया पर बहुत एक्टिव हैं, तो उन पर ध्यान दें। यह जानना बहुत जरूरी है कि बच्चे ऑनलाइन क्या देख रहे हैं और क्या कर रहे हैं।

Scroll to load tweet…