AAP सांसद बलबीर सीचेवाल ने राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों के BJP में जाने को 'विश्वासघात' कहा है। उन्होंने बताया कि चड्ढा ने उनसे संपर्क किया था, पर उन्होंने मना कर दिया। सीचेवाल ने 60 विधायकों के पार्टी छोड़ने की अफवाहों को भी खारिज किया।
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा है कि राघव चड्ढा ने 'आप' छोड़कर बीजेपी क्यों जॉइन की, इसका जवाब तो सिर्फ वही दे सकते हैं। उन्होंने कहा, "पार्टी ने उन्हें सांसद बनाया। उन्होंने यह फैसला क्यों लिया, यह तो वही जानें।" बता दें कि बीजेपी के खिलाफ लगातार आवाज उठाने वाले राघव चड्ढा और छह अन्य सांसद पिछले दिनों पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। इस हैरान करने वाले फैसले के बाद चड्ढा की काफी आलोचना हो रही है।
AAP नेताओं ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उन्होंने साथ रहकर धोखा दिया। सीचेवाल ने भी सांसदों के इस कदम को पार्टी के साथ 'विश्वासघात' बताया। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी ने उन्हें पंजाब की जनता के मुद्दे संसद में उठाने की जिम्मेदारी दी थी, जिसे उन्हें पूरा करना चाहिए था।
सीचेवाल ने यह भी खुलासा किया कि बीजेपी में शामिल होने से पहले राघव चड्ढा और विक्रमजीत सिंह साहनी ने उनसे संपर्क किया था। उन्होंने बताया, "चड्ढा ने मुझे चाय पीने के लिए बुलाया था और कहा था कि बात कर सकते हैं, लेकिन मैंने मना कर दिया।" सीचेवाल ने यह भी बताया कि विक्रम साहनी ने एक अलग ग्रुप बनाने की बात की थी, लेकिन उन्होंने पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहने का फैसला किया।
बलबीर सिंह ने उन अफवाहों को भी खारिज कर दिया, जिनमें कहा जा रहा है कि पंजाब में AAP के 60 विधायक पार्टी छोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक अफवाह है और पार्टी आठ महीने बाद होने वाले चुनाव की तैयारियों में जुटी है।
