अभिनेता विजय की पार्टी TVK ने NEET परीक्षा को पूरी तरह खत्म करने की मांग की है। पार्टी चाहती है कि शिक्षा को राज्य सूची में डालकर राज्यों को मेडिकल शिक्षा पर पूरा अधिकार मिले। TVK ने DMK पर NEET खत्म करने का झूठा वादा करने का आरोप भी लगाया।
चेन्नई: NEET परीक्षा में हुई गड़बड़ियों के बीच एक्टर थलपति विजय की पार्टी 'तमिझग वेट्री कड़गम' (TVK) ने एक बड़ा बयान दिया है। पार्टी ने कहा है कि वो सिर्फ NEET में हुई धांधली का विरोध नहीं कर रही, बल्कि इस परीक्षा को पूरी तरह से खत्म करने की मांग करती है। TVK ने यह भी मांग की है कि मेडिकल एजुकेशन से जुड़े सभी मामलों में राज्यों को पूरा अधिकार दिया जाना चाहिए।
TVK नेताओं ने यह बयान तब दिया है, जब दिल्ली में NEET परीक्षा में हुई गड़बड़ियों को लेकर जोरदार प्रदर्शन हो रहे हैं। पार्टी ने साफ कहा कि इस राष्ट्रीय स्तर की एंट्रेंस परीक्षा को पूरी तरह बंद कर देना चाहिए। समाधान के तौर पर पार्टी ने सुझाव दिया है कि शिक्षा को संविधान की समवर्ती सूची (Concurrent List) से हटाकर राज्य सूची (State List) में डाल दिया जाए।
TVK ने यह भी कहा कि अगर शिक्षा को राज्य सूची में डालने में कोई कानूनी या प्रशासनिक अड़चन है, तो उसे दूर किया जाना चाहिए। पार्टी ने एक और सुझाव दिया कि जब तक राज्यों को पूरा अधिकार नहीं मिल जाता, तब तक एक 'विशेष समवर्ती सूची' (Special Concurrent List) बनाई जा सकती है। पार्टी नेताओं ने बताया कि उनके नेता सी. जोसेफ विजय इस बारे में पहले ही अपना स्टैंड साफ कर चुके हैं।
इस मौके पर TVK ने DMK पर भी निशाना साधा। TVK ने आरोप लगाया कि DMK ने लोगों से NEET खत्म करने का झूठा वादा किया था। पार्टी ने याद दिलाया कि 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान DMK ने सत्ता में आने पर NEET को रद्द करने का वादा किया था। TVK नेताओं ने साफ किया, "हम कभी भी वोट पाने के लिए धोखे की राजनीति नहीं करेंगे और 'हम NEET रद्द कर देंगे' जैसे झूठे वादे नहीं करेंगे।"
