अहमदाबाद में एक परिवार ने 16 वर्षीय बेटी की सोशल मीडिया लत से परेशान होकर ₹65,000 महीने पर 4 बाउंसर रखे हैं। लड़की के हिंसक होने पर डॉक्टर की सलाह के बाद उस पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।

अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक परिवार अपनी 16 साल की बेटी की सोशल मीडिया की लत से इतना परेशान हो गया कि उसे छुड़ाने के लिए 65,000 रुपये महीने खर्च कर 4 बाउंसर काम पर रख लिए।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

ये बाउंसर 2 शिफ्ट में 24 घंटे लड़की पर नज़र रखते हैं

रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़की को मोबाइल की बुरी तरह लत लग गई थी। वह दिन-भर सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें शेयर करती और लाइक्स गिनती रहती थी। इतना ही नहीं, वह सोशल मीडिया पर बने दोस्तों से असल में मिलने भी लगी थी।

जब भी माता-पिता उससे मोबाइल छीनने की कोशिश करते, तो वह हिंसक हो जाती थी। उसने गुस्से में टीवी जैसी चीजें अपार्टमेंट से बाहर फेंक दी थीं। एक बार तो उसने अपनी मां पर भी हाथ उठाने की कोशिश की। परेशान होकर जब परिवार उसे डॉक्टर के पास ले गया, तो उन्होंने इलाज के साथ-साथ उस पर कड़ी निगरानी रखने की भी सलाह दी। इसके बाद ही परिवार ने बाउंसर रखने का फैसला किया।

ऐसे और भी मामले

यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले सूरत में 17 साल का एक लड़का गेमिंग की लत के कारण इतना गुस्सैल हो गया था कि वह अपने पिता के पालतू कुत्ते को पीटने लगा था। उस पर नजर रखने के लिए भी बाउंसर रखे गए थे। एक और मामले में, ड्रग्स की लत का इलाज करा चुके लड़के पर नजर रखने के लिए बाउंसरों को काम पर लगाया गया था, ताकि वह दोबारा उस रास्ते पर न जाए।