Akhilesh Yadav Challenges Yogi Adityanath: अयोध्या में अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ को यहीं से विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती दी। भागवत कथा के मंच से उन्होंने सरकार और चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा।
अयोध्या में श्रीमद्भागवत कथा का मंच गुरुवार को अचानक सियासी संदेशों का भी गवाह बन गया। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कथा में शामिल होने के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सीधे अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती दे दी। 2027 के यूपी चुनाव से पहले रामनगरी में दिया गया यह बयान इसलिए भी अहम है, क्योंकि सपा पहले ही यहां से तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय को अपना उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।
भागवत कथा में पहुंचे अखिलेश, फिर योगी पर साधा निशाना
अखिलेश यादव अयोध्या के कृष्णापुर-खानपुर रसूलाबाद में पवन पांडेय की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के समापन कार्यक्रम में पहुंचे। इसी मंच से उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री अपने दावों को लेकर इतने आश्वस्त हैं तो उन्हें खुद अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाना चाहिए। अखिलेश ने यह भी कहा कि सपा सरकार बनने पर अयोध्या के लोगों को काम और महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये देने की योजना लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें: MP में आने वाला है ₹1260 करोड़ का बड़ा निवेश! गुना में लगेगा देश का पहला सेमीकंडक्टर-ग्रेड सिलेन प्लांट
कृष्ण और सुदर्शन चक्र का जिक्र, सत्ता पर हमला
अपने भाषण में अखिलेश ने भगवान कृष्ण और सुदर्शन चक्र का उदाहरण देते हुए सत्ता और सरकारी एजेंसियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शक्ति का इस्तेमाल सज्जनों की रक्षा के लिए होना चाहिए, उन्हें डराने के लिए नहीं। उन्होंने भागवत कथा से सामाजिक न्याय और सम्मान का संदेश जोड़ते हुए कहा कि कृष्ण ने वंचित और पीड़ित लोगों को सम्मान दिलाने का काम किया। उनके मुताबिक सत्ता का इस्तेमाल जनहित में होना चाहिए।
‘राज छल से नहीं, जनमत से मिलता है’
अखिलेश ने कहा कि राज छल से नहीं, बल्कि प्रेम और जनमत से मिलता है। उन्होंने चुनाव आयोग और सरकार के लोगों को भी भगवान कृष्ण से सीख लेने की बात कही। अयोध्या में उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। सपा के लिए अयोध्या पहले से ही अहम सीट है और पवन पांडेय की उम्मीदवारी के बाद पार्टी यहां अपना सियासी आधार मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
