ओरेगन के ट्राउटडेल में Amazon के PDX9 वेयरहाउस में एक कर्मचारी की काम के दौरान मौत हो गई। रिपोर्ट के अनुसार, वह एक घंटे से ज्यादा समय तक बिना मदद के पड़ा रहा और घटना के बाद भी कर्मचारियों को काम जारी रखने के निर्देश दिए गए।

Amazon worker dies on warehouse: ओरेगन के ट्राउटडेल में Amazon के एक कर्मचारी की काम के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि काफी समय तक किसी का ध्यान उस पर नहीं गया। कंपनी के एक प्रवक्ता ने TechCrunch को बताया कि यह घटना पिछले हफ्ते डिस्ट्रिब्यूशन सेंटर में हुई थी। The Western Edge की एक रिपोर्ट के अनुसार, PDX9 वेयरहाउस में काम करने वाला वह कर्मचारी जमीन पर गिर गया। बताया जा रहा है कि वह एक घंटे से ज़्यादा समय तक बिना किसी मदद के वहीं पड़ा रहा, जबकि उसके आस-पास दूसरे लोग काम करते रहे। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

शव जमीन पर पड़ा रहा, वहीं काम करते रहे दूसरे कर्मचारी

माना जा रहा है कि उस व्यक्ति की मौत सोमवार, 6 अप्रैल को हुई थी। बताया गया है कि उसकी उम्र 46 साल थी। रिपोर्ट में आगे दावा किया गया है कि घटना के बाद भी कर्मचारियों को एक घंटे से ज्यादा समय तक काम जारी रखने का निर्देश दिया गया था। कर्मचारी टोकरी लाते रहे, शेल्फ से सामान उठाते रहे, और ट्रकों में पैकेज लादते रहे, जबकि उस व्यक्ति का शव जमीन पर ही पड़ा रहा।

टॉप मैनेजमेंट पर भी उठे सवाल

यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के तुरंत बाद टॉप मैनेजरों ने काम नहीं रोका, जिससे कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, अब तक इस कर्मचारी की मौत की असली वजह सामने नहीं आई है। जांच जारी है। एक कर्मचारी ने The Western Edge को बताया कि सुपरवाइजर ने कहा, “बस पीछे मुड़ो और मत देखो। अपने-अपने काम पर जुट जाओ।”

कर्मचारियों में डर और चिंता

इस घटना के बाद वहां काम करने वाले कर्मचारियों में डर और चिंता बढ़ गई है। कई कर्मचारी अपनी सेहत और सुरक्षा को लेकर बेहद परेशान हैं। एक कर्मचारी ने कहा,

  • “मेरी तो नींद उड़ गई है। उस बिल्डिंग में वापस जाने को लेकर बहुत घबराहट हो रही है।” इस घटना को लेकर Reddit पर भी चर्चा हुई। कई यूजर्स ने संभावित कारणों पर बात की।
  • एक यूजर ने लिखा कि “पोर्टलैंड फायर एंड रेसक्यू ने इसे कार्डियक अरेस्ट बताया है। बिल्डिंग में बहुत ज्यादा गर्मी और घुटन थी। वेंटिलेशन बेहतर होना चाहिए।”
  • दूसरे यूजर ने कहा कि “यह बिल्डिंग पहले से ही कई चोटों के मामलों के लिए जानी जाती है।”
  • एक अन्य यूजर ने बताया कि “पंखे ठीक से काम नहीं कर रहे थे। मुझे गर्मी के कारण चक्कर और उल्टी जैसा महसूस हुआ, जिससे मुझे जल्दी घर जाना पड़ा।”
  • कुछ कर्मचारियों ने दावा किया कि बिल्डिंग में असामान्य रूप से ज्यादा गर्मी थी। साउंड कर्टेन और खराब वेंटिलेशन की वजह से हालात और खराब हो सकते हैं।

Amazon ने इस मामले पर क्या कहा?

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेजॉन के प्रवक्ता सैम स्टीफेंसन ने TechCrunch को बताया, “हमारी टीम के एक सदस्य के निधन से हमें गहरा दुख हुआ है। इस मुश्किल समय में हमारी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।” उन्होंने आगे कहा कि कंपनी परिवार के संपर्क में है और उन्हें हर संभव सहायता दी जा रही है। साथ ही, PDX9 वेयरहाउस के कर्मचारियों के लिए काउंसलिंग और अतिरिक्त सहायता भी उपलब्ध कराई गई है।