Amit Shah Childhood Story: अमित शाह का बचपन कहां बीता और 16 साल की उम्र तक वे किस गांव में रहे? जानिए मुंबई में जन्म से लेकर मानसा और अहमदाबाद तक के सफर की पूरी कहानी। अमित शाह के लाइफ की रोचक बातें।

Amit Shah Birthday Special: अमित शाह 22 अक्टूबर 2026 को अपना 62वां जन्म दिन मना रहे हैं। अमित शाह की पहचान आज देश के बड़े नेताओं में होती है। लेकिन उनके शुरुआती जीवन की कहानी मुंबई, गुजरात के मानसा गांव और अहमदाबाद से जुड़ी है। 22 अक्टूबर 1964 को जन्मे अमित शाह ने अपने जीवन के शुरुआती 16 साल गुजरात के मानसा में बिताए। उनके बचपन और परिवार से जुड़ी कुछ बातें उनकी आधिकारिक जीवनी में दर्ज हैं। जानिए कैसा था अमित शाह का बचपन, उनका परिवार और सार्वजनिक जीवन तक कैसे पहुंचे?

कहां हुआ था अमित शाह का जन्म?

अमित शाह का जन्म 22 अक्टूबर 1964 को मुंबई में हुआ था। उनके पिता का नाम अनिलचंद्र शाह और मां का नाम कुसुमबेन शाह था। उनका परिवार मूल रूप से गुजरात से जुड़ा था। अमित शाह की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, उन्होंने अपने जीवन के शुरुआती 16 साल गुजरात के मानसा गांव में बिताए। यहीं उनकी शुरुआती पढ़ाई भी हुई। इसके बाद उनका परिवार अहमदाबाद चला गया।

मां से क्या मिली प्रेरणा?

अमित शाह की आधिकारिक जीवनी में उनकी मां कुसुमबेन के प्रभाव का जिक्र है। इसके मुताबिक, उनकी मां गांधीवादी विचारों से प्रभावित थीं और उन्होंने अमित शाह को खादी पहनने के लिए प्रेरित किया। उनके शुरुआती जीवन को समझने के लिए परिवार से मिले संस्कारों का यह एक अहम पहलू है।

ये भी पढ़ें- Amit Shah Birthday: अमित शाह को CM रेखा गुप्ता ने दी बधाई, देशसेवा को बताया प्रेरणादायक

किताबों में क्यों थी उनकी दिलचस्पी?

अमित शाह की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, उन्हें बचपन से ही देशभक्तों की जीवनियां पढ़ने में रुचि थी। इन जीवनियों से वे प्रभावित हुए।

बचपन से सार्वजनिक जीवन तक कैसे पहुंचे?

अमित शाह की आधिकारिक जीवनी के अनुसार, वे 1980 में 16 साल की उम्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े। इसके बाद वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की गतिविधियों में भाग लेने लगे। साल 1987 में वे भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़े और यहीं से उनकी राजनीतिक यात्रा आगे बढ़ी।