Kolkata Durga Puja Accident: कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपना रविवार का बंगाल दौरा टाल दिया है। उन्होंने सीएम शुभेंदु अधिकारी से बात की है और अब वह घायलों से मिलने अस्पताल जाएंगे।
Kolkata Police Statement: कोलकाता के चोरबागान सर्बोजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने रविवार (18 अक्टूबर) को पश्चिम बंगाल में होने वाले अपने सभी कार्यक्रम टाल दिए हैं। इस हादसे को लेकर गृह मंत्री ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से फोन पर बात की और जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना जताई।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा, “चोरबागान सर्बोजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के बाद कई लोगों के हताहत होने की बेहद दुखद खबर मिली है। मैंने इस बारे में मुख्यमंत्री श्री शुभेंदु अधिकारी से बात की है। इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। प्रशासन घायलों के बेहतर इलाज की पूरी व्यवस्था कर रहा है। मैं कल पश्चिम बंगाल के अपने सभी तय कार्यक्रम टाल रहा हूं ताकि अस्पताल जाकर घायलों से मिल सकूं। मां दुर्गा से प्रार्थना है कि सभी घायल जल्दी स्वस्थ हों।”
नेताओं ने जताया दुख
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि ने भी पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। लोक भवन के एक्स हैंडल से पोस्ट किया गया, "कोलकाता के एक दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ की घटना से मेरा दिल टूट गया है। इसमें कई अनमोल जानें चली गईं। दुख की इस घड़ी में, मैं पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।"
पश्चिम बंगाल के मंत्री निसिथ प्रमाणिक ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा, "चोरबागान में पंडाल गिरने की घटना से बहुत दुखी हूं। इस मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं घायलों और उनके परिवारों के साथ हैं। हमारी सरकार प्रभावित लोगों को तुरंत मेडिकल मदद, राहत और हर संभव सहायता देने के लिए लगातार काम कर रही है। हम हर पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी इस घटना पर हैरानी जताते हुए घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की। उन्होंने एक्स पर लिखा, "चोरबागान पूजा पंडाल में मची भगदड़ के बारे में जानकर गहरा सदमा लगा और बहुत दुख हुआ। मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करती हूं कि सभी घायल जल्द ठीक हों और इस मुश्किल समय में उनके परिवारों को हिम्मत और ताकत मिले।"
पुलिस ने बताया- बारिश के दौरान 'भारी भीड़' बनी वजह
कोलकाता पुलिस ने एक बयान में बताया कि यह भगदड़ शनिवार शाम करीब 7:40 बजे गिरीश पार्क थाना क्षेत्र के सारदा पार्क (चोर बागान) पूजा पंडाल के निकास द्वार (एग्जिट गेट) पर हुई। पुलिस के मुताबिक, बारिश के दौरान पंडाल में दर्शनार्थियों की 'भारी भीड़' जमा हो गई थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।






