Anti Paper Leak Bill 2026: लोकसभा ने पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक 2026 ध्वनिमत से पारित कर दिया। बिल पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी के आरोपों और सरकार के जवाब को लेकर सदन में जोरदार हंगामा हुआ। जानिए क्या है पूरा मामला।
देशभर में पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई के उद्देश्य से लाया गया पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक, 2026 बुधवार को लोकसभा में ध्वनिमत से पारित हो गया। हालांकि, विधेयक पर चर्चा के दौरान सदन में विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। राहुल गांधी के आरोपों के बाद सदन में हंगामा और नारेबाजी भी हुई।
राहुल गांधी के आरोपों पर सदन में बढ़ा विवाद
विधेयक पर चर्चा के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं। उन्होंने दावा किया कि छात्रों पर बल प्रयोग का आदेश गृह मंत्री की ओर से दिया गया था।
राहुल गांधी के इस बयान पर सत्ता पक्ष के सांसदों ने कड़ा विरोध जताया। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आरोपों के समर्थन में सबूत पेश करने की मांग की, जबकि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी कहा कि सदन में लगाए जाने वाले आरोप तथ्यों पर आधारित होने चाहिए। कार्यवाही के दौरान राहुल गांधी द्वारा इस्तेमाल किए गए एक असंसदीय शब्द को रिकॉर्ड से हटा दिया गया।
यह भी पढ़ें: मौत के 2 साल बाद मनमोहन सिंह को बड़ी राहत! आखिर सुप्रीम कोर्ट ने क्यों बंद किया कोल स्कैम केस?
सरकार ने आरोपों को बताया तथ्यहीन
बहस का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी के आरोपों को पूरी तरह तथ्यहीन बताया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान किसी भी तरह की गोली नहीं चलाई गई थी और केवल आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गोली चलाने का आदेश किसी मंत्री नहीं, बल्कि मजिस्ट्रेट के अधिकार क्षेत्र में आता है।
इस बीच भाजपा ने कांग्रेस पर छात्रों के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया। पार्टी का कहना है कि जो दल छात्रों के हित की बात करते हैं, उन्होंने एंटी पेपर लीक कानून का विरोध किया। भाजपा ने कांग्रेस से इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।
ध्वनिमत से पारित हुआ विधेयक
लगातार हंगामे के बीच लोकसभा ने एंटी पेपर लीक संशोधन विधेयक, 2026 को ध्वनिमत से पारित कर दिया। विधेयक पारित होने के बाद सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।
यह विधेयक सार्वजनिक परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य अनुचित गतिविधियों पर सख्त रोक लगाने के उद्देश्य से लाया गया है। अब इस पर आगे की संसदीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: 'साहब! मेरे देवर ने मेरे साथ...' रोते-रोते SP ऑफिस पहुंची महिला, लगाई न्याय की गुहार
