TMC में संकट: पूर्व कोषाध्यक्ष अरूप बिस्वास ने चेकों के दुरुपयोग के डर से 676 करोड़ का पार्टी अकाउंट फ्रीज करने को कहा। पार्टी ने उन्हें पद से हटाने का दावा किया है। इस अंदरूनी कलह के बीच संगठन में बड़े फेरबदल भी किए गए हैं।
नई दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस (TMC) में एक नया संकट खड़ा हो गया है। पार्टी के कोषाध्यक्ष और पूर्व मंत्री अरूप बिस्वास ने बैंक से पार्टी का अकाउंट फ्रीज करने के लिए कहा है। इस अकाउंट में करीब 676 करोड़ रुपये हैं। बिस्वास ने यह कदम इसलिए उठाया है क्योंकि उन्हें डर है कि बागी नेता उनके पहले से साइन किए हुए चेकों का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं।

हालांकि, टीएमसी ने इस पर सफाई देते हुए कहा है कि अरूप बिस्वास अब पार्टी के कोषाध्यक्ष नहीं हैं। पार्टी का कहना है कि इस महीने की 5 तारीख को हुई बैठक में एक नए कोषाध्यक्ष की नियुक्ति की जा चुकी है। आपको बता दें कि अरूप बिस्वास वही मंत्री हैं जो खेल मंत्री रहते हुए मेस्सी को कोलकाता लाकर विवादों में घिरे थे। हाल ही में जब वह कोर्ट पहुंचे थे तो वकीलों ने उन पर अंडे भी फेंके थे।
पार्टी में चल रहे अंदरूनी झगड़ों और संकट के बीच तृणमूल कांग्रेस ने संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी के कई विंग्स और स्थानीय इकाइयों में बड़े बदलाव किए गए हैं। युवा नेता अर्नब बनर्जी को राज्य तृणमूल यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि कुणाल घोष को उत्तरी कोलकाता संगठनात्मक जिले का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में इन नए फैसलों पर मुहर लगाई गई। इसके अलावा, मोसर्रफ होसैन को अल्पसंख्यक सेल का अध्यक्ष और अलिफा अहमद को महिला विंग का अध्यक्ष चुना गया है।
