Bangkok Pub Fire में 27 लोगों की मौत और 63 घायल हो गए हैं। शुरुआती जांच में सर्किट ब्रेकर, जहरीले धुएं और डेकोरेटिव मटेरियल की भूमिका सामने आई। जानिए हादसे की पूरी कहानी...

Thailand Fire: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के ना लाडप्राओ (Na Ladprao) पब में सोमवार देर रात लगी भीषण आग ने देखते ही देखते एक जश्न को मातम में बदल दिया। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 22 की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग के बाद फैला जहरीला धुआं और छत पर लगा डेकोरेटिव मटेरियल इस त्रासदी की सबसे बड़ी वजह बन गया।

कैसे 5 मिनट में मौत का जाल बन गया पूरा पब?

प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों के मुताबिक, घटना आधी रात के बाद शुरू हुई। स्टेज पर परफॉर्म कर रहे संगीतकारों ने सबसे पहले सर्किट ब्रेकर से धुआं उठता हुआ देखा। कुछ ही सेकंड बाद बिजली चली गई और फिर जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते पूरा पब घने काले धुएं से भर गया। कई लोग बाहर का रास्ता ही नहीं ढूंढ़ सके और अंदर ही फंस गए।

Scroll to load tweet…

क्या इंटीरियर डेकोरेशन ने बढ़ाई तबाही?

बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सित्तिपुंत के मुताबिक, 'आग लगने के बाद सबसे पहले छत पर लगे डेकोरेटिव मटेरियल ने आग पकड़ ली। यही सामग्री कुछ ही मिनटों में तेजी से जलने लगी और पूरे पब में जहरीला धुआं फैल गया। यही वजह रही कि कई लोगों की मौत आग से झुलसने के बजाय धुएं में दम घुटने से हुई।'

ज्यादातर शव बाथरूम के पास क्यों मिले?

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुटिन चार्नवीराकुल ने बताया कि अधिकांश मृतक पब के पिछले हिस्से में स्थित बाथरूम के पास मिले। इससे माना जा रहा है कि लोग धुएं और आग से बचने के लिए पीछे की ओर भागे थे, लेकिन घने जहरीले धुएं ने उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं दिया।

22 लोगों की हालत अब भी गंभीर

हादसे में कुल 63 लोग घायल हुए हैं। इनमें 22 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। दमकल विभाग ने करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरा पब जलकर खाक हो चुका था।

आखिर आग लगी कैसे?

अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में जो बातें सामने आई हैं, उनमें स्टेज के पास सर्किट ब्रेकर से धुआं उठना, कुछ ही देर बाद बिजली गुल होना, इसके तुरंत बाद धमाका होना, आग का तेजी से छत तक फैलना और डेकोरेटिव मटेरियल के कारण जहरीला धुआं पूरे पब में भर जाना शामिल हैं। हालांकि, आग लगने की अंतिम वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है।

थाईलैंड में पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे

यह पहली बार नहीं है जब थाईलैंड में किसी मनोरंजन स्थल पर इतनी बड़ी आग लगी हो। 2022 में पूर्वी थाईलैंड के एक म्यूजिक पब में आग लगने से 14 लोगों की मौत हुई थी। 2009 में बैंकॉक के Santika Nightclub में नए साल के जश्न के दौरान लगी आग में 66 लोगों की जान चली गई थी और 200 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इस नए हादसे ने एक बार फिर सार्वजनिक मनोरंजन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।