Bank Holiday: नवंबर 2026 में 9, 10 और 11 तारीख को कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। जानिए RBI की छुट्टियों की लिस्ट, किन शहरों में नहीं खुलेंगी बैंक शाखाएं और कब कर पाएंगे बैंकिंग काम।

दीवाली का त्योहार खत्म होने के बाद भी बैंक जाने की योजना बना रहे हैं तो जरा ठहरिए! नवंबर में त्योहारों के चलते देश के अलग-अलग राज्यों में बैंक शाखाएं कई दिनों तक बंद रहने वाली हैं। खास बात यह है कि 9, 10 और 11 नवंबर को अलग-अलग राज्यों में बैंकिंग सेवाओं पर छुट्टियों का असर पड़ेगा। ऐसे में अगर आपको चेक जमा करना है, पैसे निकालने हैं या बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाना है तो पहले अपने शहर की छुट्टी जरूर चेक कर लें।

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नवंबर 2026 के हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, इन तीन दिनों में अलग-अलग क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत आने वाली बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।

9 नवंबर को कहां-कहां बंद रहेंगे बैंक?

सोमवार, 9 नवंबर 2026 को दिवाली, लक्ष्मी पूजा, गोवर्धन पूजा और विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर कई जगह बैंक बंद रहेंगे। इनमें त्रिपुरा, मध्य प्रदेश, चंडीगढ़, सिक्किम, मणिपुर, राजस्थान और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। RBI की सूची में अगरतला, भोपाल, चंडीगढ़, गंगटोक, इंफाल, जयपुर, कानपुर और लखनऊ के क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत छुट्टी दर्ज है।

यह भी पढ़ें: Delhi Kia Showroom Fire: दिल्ली के किआ शोरूम में भयंकर आग, 7 घायल और 15 का रेस्क्यू

10 नवंबर को इन राज्यों में बैंकिंग कामकाज बंद

मंगलवार, 10 नवंबर को गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तराखंड और सिक्किम में बैंक बंद रहेंगे। इस दिन दिवाली (बलि प्रतिपदा), गोवर्धन पूजा, लक्ष्मी पूजा और विक्रम संवत नववर्ष के कारण अवकाश रहेगा। अहमदाबाद, बेलापुर, बेंगलुरु, देहरादून, गंगटोक, मुंबई और नागपुर में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।

11 नवंबर को भी कई जगह बैंक नहीं खुलेंगे

बैंक छुट्टियों का सिलसिला बुधवार, 11 नवंबर को भी जारी रहेगा। इस दिन सिक्किम, मणिपुर, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश में बैंक बंद रहेंगे। भाई दूज, भ्रातृद्वितीया, निंगोल चक्कौबा, लक्ष्मी पूजा और चित्रगुप्त जयंती इसके प्रमुख कारण हैं। गंगटोक, इंफाल, कानपुर, लखनऊ, कोलकाता और शिमला में बैंक शाखाओं पर इसका असर पड़ेगा।

नवंबर में इन त्योहारों पर भी रहेगी छुट्टी

नवंबर में बैंकिंग छुट्टियां सिर्फ दिवाली तक सीमित नहीं हैं। 13 नवंबर को वांगला महोत्सव, 16 नवंबर को छठ पूजा, 20 नवंबर को इगास-बग्वाल, 23 नवंबर को सेंग कुट स्नेम और 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती व कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भी अलग-अलग क्षेत्रों में बैंक बंद रहेंगे। 27 नवंबर को कनकदास जयंती पर बेंगलुरु में बैंक अवकाश रहेगा।

बैंक जाने से पहले जरूर जान लें यह नियम

RBI के नियमों के मुताबिक, देश के सभी अनुसूचित और गैर-अनुसूचित बैंक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं। हालांकि, पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को सामान्यतः बैंक खुले रहते हैं, जब तक कोई अलग अवकाश घोषित न हो। बैंक शाखाएं बंद होने के बावजूद आमतौर पर UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और ATM जैसी सेवाएं उपलब्ध रहती हैं। किसी जरूरी काम के लिए निकलने से पहले अपनी स्थानीय बैंक शाखा से छुट्टी की पुष्टि जरूर कर लें।

यह भी पढ़ें: Nisha Bhagat Death Case: दलाल, धमकी और खाकी का खूनी खेल ने हिलाया झारखंड!