बेंगलुरु में 29 वर्षीय मोहन कृष्ण की हत्या कर दी गई। पुलिस ने उसकी लिव-इन पार्टनर उर्वशी, उसके प्रेमी विनय और एक साथी को गिरफ्तार किया है। प्रेम त्रिकोण के चलते तीनों ने शराब पार्टी के बहाने बुलाकर मोहन की चाकू मारकर हत्या कर दी।

बेंगलुरु: उत्तर-पश्चिम बेंगलुरु के बागालगुंटे इलाके के विजयलक्ष्मी लेआउट में एक शराब पार्टी के बाद 29 साल के एक शख्स की बेरहमी से चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मृतक की लिव-इन पार्टनर उर्वशी उर्फ बिंदु (26), उसका प्रेमी विनय कुमार (26) और विनय का साथी धनुष (24) शामिल हैं। इन पर मोहन कृष्ण नाम के शख्स की हत्या की साजिश रचने और उसे अंजाम देने का आरोप है। मोहन कृष्ण पिग्मी कलेक्टर (रोजाना पैसे जमा करने वाला एजेंट) और छोटे-मोटे फाइनेंस का काम करता था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

फिल्म और सीरियल में काम कर चुकी है एक आरोपी

पुलिस के मुताबिक, कृष्ण और बिंदु ने तीन महीने पहले खुद को पति-पत्नी बताकर एक घर किराए पर लिया था। एक जांच अधिकारी ने बताया, "बिंदु और कृष्ण दोनों पहले से शादीशुदा थे और अपने-अपने पार्टनर से अलग रह रहे थे। दोनों करीब एक साल से रिलेशनशिप में थे। बिंदु का दावा है कि उसने कुछ कन्नड़ फिल्मों और टीवी सीरियलों में छोटे-मोटे रोल किए हैं। वह टीवी सीरियल के डायरेक्टर्स की असिस्टेंट के तौर पर भी काम कर चुकी थी।"

प्रेमी-प्रेमिका और वो…

कृष्ण के साथ रहते हुए ही बिंदु को बागालगुंटे के रहने वाले एक बैचलर ट्रक ड्राइवर विनय से प्यार हो गया। इस लव ट्रायंगल की वजह से उनके रिश्ते में तनाव और झगड़े शुरू हो गए। पुलिस ने बताया, "बिंदु ने कृष्ण को बताया कि वह विनय से शादी करना चाहती है। कृष्ण ने इसका कड़ा विरोध किया, जिसके चलते उनके बीच अक्सर लड़ाई होती थी। इन्हीं झगड़ों की वजह से उनके मकान मालिक नटराज को भी पता चल गया कि वे असल में पति-पत्नी नहीं हैं।"

कृष्ण को रास्ते से हटाने के लिए बिंदु और विनय ने एक साजिश रची और इसमें धनुष को भी शामिल कर लिया। धनुष को अपने होटल के बिजनेस में काफी नुकसान हुआ था। आरोप है कि विनय ने उसे पैसे का लालच देकर कृष्ण की हत्या में मदद करने के लिए राजी कर लिया।

एक अधिकारी ने बताया, "प्लान के मुताबिक, उन्होंने कृष्ण को एक सुनसान जगह पर शराब पार्टी के लिए बुलाया। कुछ पैग पीने के बाद, उन्होंने कृष्ण का मुंह बंद कर दिया और उस पर टेप लगा दिया। फिर, उन्होंने उसे चाकू से गोद डाला और उसकी मौत होने के बाद वहां से भाग गए।"