बेंगलुरु में CCB ने एक ऐसे कपल को गिरफ्तार किया है, जो अपने फ्लैट में रखी करोड़ों की ड्रग्स की गंध छिपाने के लिए पालतू कुत्तों के मल-मूत्र का इस्तेमाल करते थे। CCB की जांच में इस चौंकाने वाले तरीके का खुलासा हुआ है।

बेंगलुरु (6 मार्च): बेंगलुरु में सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) की जांच में एक हैरान करने वाली बात सामने आई है। यहां एक शातिर कपल ने अपने फ्लैट में रखी ड्रग्स की तेज गंध को बाहर आने से रोकने के लिए एक घिनौना तरीका अपनाया था। वे अपने पालतू कुत्तों के मल-मूत्र का इस्तेमाल करते थे ताकि ड्रग्स की महक किसी को न आए।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

CCB ने हाल ही में केरल के रहने वाले अश्विनी और मुबीना को गिरफ्तार किया था। ये दोनों विदेश से अवैध रूप से ड्रग्स लाकर शहर में बेचते थे। गिरफ्तारी के बाद जब CCB ने बागलूर के पास स्थित उनके लग्जरी अपार्टमेंट के फ्लैट पर छापा मारा, तो ड्रग्स की गंध छिपाने की उनकी पूरी प्लानिंग का पर्दाफाश हो गया।

आरोपियों के पास से 8,335 एलएसडी स्ट्रिप्स, 5 किलो हाइड्रो गांजा और 534 ग्राम चरस समेत करीब 18 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त की गई थी। इनमें से एलएसडी स्ट्रिप्स में कोई गंध नहीं होती, लेकिन हाइड्रो गांजा और चरस से बहुत तेज गंध आती है। इसी गंध को छिपाने के लिए इस कपल ने अपने पालतू कुत्तों का इस्तेमाल किया। अश्विनी और मुबीना ने थाईलैंड से किलो के हिसाब से हाइड्रो गांजा अवैध तरीके से मंगवाया था और उसे अपने फ्लैट में जमा कर रखा था। उन्हें डर था कि इसकी गंध पड़ोसियों तक पहुंच सकती है, इसलिए उन्होंने पहले से ही सावधानी बरत रखी थी।

फ्लैट में पाल रखे थे 5 कुत्ते!

इस कपल ने अपने फ्लैट में एक मां और उसके चार बच्चों समेत कुल पांच कुत्ते पाल रखे थे। वे इन कुत्तों को टॉयलेट के लिए बाहर नहीं ले जाते थे, बल्कि फ्लैट के अंदर ही उनसे मल-मूत्र करवाते थे। इस वजह से पूरे फ्लैट में भयानक बदबू फैली रहती थी। पड़ोस के लोग सोचते थे कि यह कपल बहुत गंदा रहता है और उन्हें कई बार अपने कुत्तों को बाहर ले जाने के लिए भी कहा था। लेकिन उन्हें क्या पता था कि कुत्तों के मल-मूत्र की बदबू में गांजे की तेज गंध दबकर रह गई थी और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।

छापेमारी के दौरान उल्टियां आने लगीं!

CCB के अधिकारियों ने बताया, "जब हम ड्रग्स केस में गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के फ्लैट पर छापा मारने पहुंचे, तो दरवाजा खोलते ही तेज बदबू का ऐसा झोंका आया कि दम घुटने लगा, उल्टियां आने लगीं। उनका फ्लैट किसी कूड़े के ढेर जैसा लग रहा था। लेकिन पूछताछ के बाद इस बदबू के पीछे का असली राज़ सामने आया।"