गूगल इंजीनियर विनीत शर्मा अपने पिता को बेंगलुरु स्थित अपना ऑफिस दिखाने ले गए। बेटे की कामयाबी और ऑफिस की शानदार सुविधाएं देखकर पिता बेहद खुश और गौरवान्वित हुए। इस भावुक पल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

अपने मां-बाप को अपनी कामयाबी का हिस्सा बनाना हर बच्चे का सपना होता है। जब यह सपना पूरा होता है, तो उसकी खुशी अलग ही होती है। कुछ ऐसा ही खूबसूरत पल एक वीडियो में कैद हुआ है, जो अब सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है। यह वीडियो बेंगलुरु के गूगल ऑफिस का है।

गूगल में सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनीत शर्मा बुद्धारपु अपने पिता को अपना ऑफिस दिखाने ले गए। विनीत ने अपनी पोस्ट में बताया कि वे एक बहुत ही साधारण और छोटे से गांव से आते हैं। यह पहली बार था जब उनके पिता किसी कॉर्पोरेट ऑफिस में आए थे। अपने बेटे की नौकरी की जगह को देखकर वो बहुत उत्साहित और गर्व महसूस कर रहे थे।

विनीत ने लिखा, 'पापा को एहसास हुआ कि उनके बेटे ने यहां तक पहुंचने के लिए कितनी मेहनत की है। वह यह देखकर हैरान थे कि एक ऑफिस के अंदर इतनी सारी सुविधाएं हो सकती हैं। मैंने अपने पापा को इतना खुश पहले कभी नहीं देखा।'

विनीत अपने पिता को गूगल के 1.6 मिलियन स्क्वायर फीट में फैले शानदार ऑफिस में घुमाते हैं। उन्होंने अपने पिता को ऑफिस का कैफेटेरिया, गेमिंग ज़ोन और आराम करने की जगहें दिखाईं। साथ ही, ऑफिस के आसपास की हरियाली भी दिखाई। दोनों ने साथ में कॉफी पी और आर्केड गेम्स भी खेले।

View post on Instagram

इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया यह वीडियो लाखों लोग देख चुके हैं। लोग इस पर खूब कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'हर मां-बाप इस पल का सपना देखते हैं।' वहीं एक और ने लिखा, 'आपके पापा को आप पर बहुत गर्व होगा।'