बेंगलुरु के एक मकान मालिक ने घर दिखाने से पहले अनोखी मांगें रखीं। उन्होंने मौजूदा फ्लैट की तस्वीरें, वीडियो, सैलरी स्लिप और पुलिस वेरिफिकेशन जैसी कई डिटेल्स मांगीं। यह मामला Reddit पर वायरल हो गया, जहाँ लोगों ने इसे प्राइवेसी का उल्लंघन बताया।

बेंगलुरु के एक मकान मालिक की अनोखी मांगें इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गई हैं। एक Reddit यूजर ने WhatsApp बातचीत का स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें घर दिखाने से पहले की सख्त शर्तें बताई गई थीं। यूजर के मुताबिक, मकान मालिक की भयंकर वाली डिमांड सुनकर मेरा तो माथा ठनक गया था। मकान मालिक ने किराए पर घर देखने आने वालों से कहा कि वे पहले अपने मौजूदा फ्लैट की तस्वीरें और वीडियो भेजें। इस स्क्रीनशॉट के वायरल होते ही लोगों ने तेजी से इस पर रिएक्ट करना शुरू कर दिया।

पोस्ट में मकान मालिक ने साफ लिखा था कि जो भी प्रॉपर्टी देखना चाहता है, उसे पहले अपने मौजूदा घर की तस्वीरें और एक वीडियो भेजना होगा। इसके अलावा, मकान मालिक ने सैलरी स्लिप, पुलिस वेरिफिकेशन, परिवार के सदस्यों की जानकारी, उनकी नौकरी और मौजूदा घर छोड़ने का कारण जैसी कई दूसरी डिटेल्स भी मांगीं। वैसे तो किराए पर घर देते समय मकान मालिक अक्सर कुछ बेसिक डॉक्यूमेंट्स या जानकारी मांगते हैं, लेकिन इंटरनेट पर कई लोगों को यह मांग कुछ ज़्यादा ही लगी।

देखिए ये वायरल पोस्ट

सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?

कई लोगों ने सवाल उठाया कि इतनी शुरुआती स्टेज में ऐसी जानकारी की क्या ज़रूरत है। कुछ लोगों ने कमेंट किया कि बैकग्राउंड चेक और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन तो आम बात है, लेकिन किसी किराएदार के मौजूदा घर की तस्वीरें और वीडियो मांगना उसकी प्राइवेसी में दखल देने जैसा है।

Reddit यूजर्स ने इस पोस्ट पर मिली-जुली प्रतिक्रिया दी। कई लोगों को मकान मालिक की मांगें अजीब और दखल देने वाली लगीं, खासकर किसी के मौजूदा घर की तस्वीरें और वीडियो मांगने की बात। कुछ ने इसे प्राइवेसी का उल्लंघन बताया, तो कुछ ने बेंगलुरु के सख्त रेंटल नियमों का मज़ाक उड़ाया।

एक यूजर ने सलाह दी, "किराएदारों को भी पिछले 7 साल के किराएदारों के कॉन्टैक्ट और उनके घर खाली करने की वजह पूछनी चाहिए, और यह भी कि डिपॉजिट वापस मिला था या नहीं।"

एक दूसरे यूजर ने लिखा, "यह तो कुछ ज़्यादा ही हो गया! मुझसे तो बस मेरी लिंक्डइन प्रोफाइल और ऑफर लेटर मांगा गया था, जिसमें सैलरी की जानकारी छिपाई हुई थी।"

एक तीसरे यूजर ने कहा, "इसमें कई रेड फ्लैग हैं। इससे पता चलता है कि मकान मालिक कितना दखल देने वाला और कंट्रोलिंग होगा। किराएदारों को ऐसी घटिया मांगें नहीं माननी चाहिए और इसका विरोध करना चाहिए।"

एक और यूजर ने लिखा, “मैं तो ऐसे मकान मालिकों से दूर ही रहूंगा। अगर घर देखने से पहले ही यह हाल है, तो पता नहीं आपके पैसे लेने के बाद वे क्या करेंगे।”