बेंगलुरु में भारी बारिश में भीग रहे ऑटो ड्राइवर को एक लड़की ने अपनी टी-शर्ट गिफ्ट की। लड़की ने ड्राइवर की हालत देखकर यह मदद की। इंसानियत की यह कहानी और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
बेंगलुरु: कभी-कभी कुछ छोटी-छोटी बातें भी दिल को छू जाती हैं. बेंगलुरु की एक लड़की ने कुछ ऐसा ही किया है, जिसकी कहानी सुनकर आपका भी दिन बन जाएगा. एक ऑटो की सवारी के दौरान जब भारी बारिश में ड्राइवर भीग गया, तो इस लड़की ने उसे अपनी एक टी-शर्ट गिफ्ट कर दी. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
बारिश में भीगते हुए सफर
बेंगलुरु की रहने वाली प्रियंका ने यह कहानी अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो के साथ शेयर की है. उन्होंने बताया कि वह जेपी नगर से कोरमंगला जाने के लिए एक ऑटो में बैठी थीं. जब उन्होंने ऑटो बुक किया था, तब मौसम बिल्कुल साफ था. लेकिन सफर शुरू होने के कुछ ही देर बाद हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते तेज बारिश में बदल गई.
ऑटो में साइड कवर नहीं थे, जिसकी वजह से प्रियंका और ड्राइवर दोनों ही बुरी तरह भीग गए. प्रियंका ने बताया कि ड्राइवर इस बात से बार-बार परेशान हो रहा था कि उसकी सवारी भीग रही है. हालांकि, प्रियंका को इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ रहा था क्योंकि वह घर जा रही थीं और तुरंत कपड़े बदल सकती थीं. लेकिन ड्राइवर का मामला अलग था. उसके पास बदलने के लिए दूसरे कपड़े नहीं थे और वह ठंड से कांप भी रहा था. इन सबके बावजूद, उसने प्रियंका को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया.
एक छोटा सा तोहफा, बड़ी खुशी
ड्राइवर की हालत देखकर प्रियंका का दिल पसीज गया. उन्होंने ड्राइवर से थोड़ा इंतजार करने को कहा और अपने घर के अंदर से एक टी-शर्ट लाकर उसे गिफ्ट कर दी. तोहफा लेते वक्त ड्राइवर के चेहरे पर जो खुशी और आभार का भाव था, वह किसी का भी दिल जीत सकता है. प्रियंका ने लिखा, "इंसानियत इसी में है कि हम किसी की परेशानी को समझें और जितनी हो सके, मदद करें."
उन्होंने यह भी साफ किया कि यह वीडियो उन्होंने तारीफ पाने के लिए नहीं, बल्कि यह याद दिलाने के लिए शेयर किया है कि इस तरह की छोटी-छोटी मदद भी किसी को बहुत खुशी दे सकती है. इस वीडियो को अब तक करीब 50 हजार लोग लाइक कर चुके हैं और कमेंट्स में लोग प्रियंका की जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, "जब इंसान दया दिखाते हैं तो मुझे बहुत अच्छा लगता है."
