बिहार के नवादा से एक ऐसा अजग गजब मामला सामने आया है, जिसे देखकर लोग सोशल मीडिया पर कहने लगे हैं कि ''ये बिहार है भैया', क्योंकि बिजली विभाग ने 2 कमरों के घर में रहने वाले गरीब परिवार का बिल 27 लाख रुपए का जो भेजा है।
नवादा (बिहार). अगर एक आम आदमी के घर का बिजली का बिल एक हजार पार हो जाता है तो उसे टेंशन होने लगती है। लेकिन सोचिए किसी गरीब परिवार का बिल लाखों में आ जाए तो उसका क्या होगा। यह हैरान करने वाला मामला बिहार क नवादा जिले का है। जहां महज दो बल्ब और 1 पंखा चलाने वाले व्यक्ति को ऑनलाइन 27 लाख 2 हजार 898 रुपए का भारी-भरकम बिजली बिल भेजा गया है।
पूरे बिहार में चर्चा का विषय बना कुंदन का बिल
दरअसल, यह जोर का झटका कुंदन कुमार नाम के युवक को बिजली विभाग ने दिया है। जो अपने परिवार के साथ राजौली थाने क्षेत्र के तकिया मोहल्ला में रहते हैं। जिनका दो कमरों का एक छोटा सा घर है। जिसमें दो बल्ब एक पंखा चलता है। उनका महीने का एवरेज बिल 200 से 300 रुपए आता है। लेकिन बिजली विभाग ने बड़ी लापरवाही करते हुए उनके घर का ऑनलाइन 27 लाख 2 हजार 898 रुपए भेजा है। पीड़ित का यह बिल पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय तो बना ही है, वहीं बिहार के बिजली विभाग पर कई सवाल खड़े करता है।
700 रुपए का बिल पहुंचा 27 लाख
- बता दें कि जैसे ही पीड़ित कुंदन ने अपना 27 लाख का बिल देखा तो उनके पैरों तले की जमीन खिसक गई। उन्होंने दो से तीन बार बिल को पलट पलट के देखा, क्योंकि उनको यकीन नहीं हो रहा था कि इतना बिल उनका आ सकता है। पीड़ित के अनुसार, इससे पहले भी उन्हें 753 रुपए का गलत बिल मिला था, जिसकी शिकायत उन्होंने विभाग से की थी। लेकिन सुधार होने के बजाय अचानक 27 लाख से अधिक का बिल भेज दिया गया है।
- उन्होंने बताया कि सरकार की मुफ्त बिजली योजना के बाद भी इस तरह की तकनीकी गड़बड़ी से परेशानी बढ़ गई है। मेरी आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण वे इस बिल को भरने में पूरी तरह असमर्थ हैं।
लापरवाही पर कतरा रहा बिजली विभाग
ग्रामीणों के आक्रोश और पीड़ित की गुहार के बाद बिजल विभाग जागा। विभाग के कनीय अभियंता (JE) ने लिखित आवेदन मिलने पर जांच कराने और बिल में आवश्यक सुधार करने का आश्वासन दिया है। हालांकि, विभाग के अन्य आला अधिकारी इस बड़ी लापरवाही और तकनीकी खामी पर खुलकर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। वह ना नुकर करते हुए बयान दे रहे हैं।


