Bikaner Zila Pramukh Election 2026: बीकानेर में कांग्रेस की निकिता डूडी के खिलाफ पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की बेटी सरिता चौहान निर्दलीय मैदान में हैं। BJP के नामांकन वापस लेने के बाद सीधा मुकाबला है।

राजस्थान के बीकानेर में जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर कांग्रेस के भीतर ही सियासी घमासान छिड़ गया है। जिला परिषद की 41 में से 30 सीटें जीतकर मजबूत स्थिति में पहुंची कांग्रेस अब अपने ही नेताओं की दावेदारी से उलझ गई है। पार्टी ने निकिता डूडी को अधिकृत उम्मीदवार बनाया, लेकिन पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की बेटी सरिता चौहान ने निर्दलीय नामांकन दाखिल कर दिया। दिलचस्प बात यह है कि नाम वापसी के बाद बीजेपी प्रत्याशी भी मैदान से हट गई हैं। अब मुकाबला कांग्रेस की अधिकृत उम्मीदवार और बागी दावेदार के बीच रह गया है।

कांग्रेस की निकिता डूडी के सामने सरिता चौहान की चुनौती

बीकानेर जिला प्रमुख पद के लिए कांग्रेस ने निकिता डूडी को अपना आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया है। निकिता, दिवंगत कांग्रेस नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी की पुत्रवधू हैं। दूसरी ओर, सरिता चौहान पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की बेटी हैं। सरिता ने पार्टी का टिकट नहीं मिलने के बावजूद निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला किया। इससे कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई।

यह भी पढ़ें: UP Election 2027: CJP किसका देगी साथ? अखिलेश या योगी... अभिजीत दीपके ने खत्म किया सस्पेंस!

BJP ने वापस लिया नामांकन, अब सीधी टक्कर

शुरुआत में बीजेपी की धापू कंवर ने जिला प्रमुख पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। लेकिन दोपहर एक बजे नाम वापसी की समयसीमा समाप्त होने तक धापू कंवर और निर्दलीय उम्मीदवार संतोष ने अपने नामांकन वापस ले लिए। इसके बाद मुकाबला निकिता डूडी और सरिता चौहान के बीच सिमट गया।

41 में से 30 सीटें, फिर भी कांग्रेस की मुश्किल क्यों?

बीकानेर जिला परिषद में कुल 41 सदस्य हैं। इनमें कांग्रेस के 30, बीजेपी के 8, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के 2 और माकपा का एक सदस्य है। साधारण बहुमत के लिए 21 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। कांग्रेस के पास इससे नौ सदस्य अधिक हैं। लेकिन सरिता चौहान की बगावत ने पार्टी के सामने नया सवाल खड़ा कर दिया है कि उसके निर्वाचित सदस्य किस उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करेंगे।

पिता से माफी मांगकर चुनाव लड़ने उतरीं सरिता?

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सरिता चौहान ने कहा कि वह चुनाव मैदान से पीछे नहीं हटेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि अपने फैसले को लेकर वह पिता गोविंदराम मेघवाल से माफी मांगकर आई हैं। सरिता के इस रुख से साफ है कि जिला प्रमुख पद के लिए कांग्रेस के दो राजनीतिक परिवारों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।

अब किसके सिर सजेगा जिला प्रमुख का ताज?

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 25 नवंबर को दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक मतदान होना है। इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। बीजेपी के मैदान से हटने के बाद अब नजर कांग्रेस के 30 जिला परिषद सदस्यों के मतदान पर है। फिलहाल अंतिम नतीजे की पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन यह चुनाव कांग्रेस के लिए केवल जिला प्रमुख चुनने का मामला नहीं, बल्कि संगठन की एकजुटता की परीक्षा बन गया है।

यह भी पढ़ें: DU Student Death: मैंने उसे मारा है, अब मैं नहर में कूद जाऊंगा... फरीदाबाद में छात्रा की मौत के बाद मिला नोट