बीजेपी सांसद गजेंद्र पटेल का एक बयान चर्चा में है। जिन्होंने युवाओं से शादी कर 5 बच्चे पैदा करने और हथियार रखने की अपील की है। उनके इस बयान से राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई है। तो आइए जानते हैं कौन हैं यह एमपी महोदय?

बड़बानी. मध्य प्रदेश के खरगोन-बड़वानी से बीजेपी सांसद गजेंद्र सिंह पटेल का एक बयान चर्चा में है। उन्होंने हिंदू युवाओं से शादी करने और पांच बच्चे पैदा करने की अपील की है। एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की आबादी बढ़ाने के लिए युवाओं को इस दिशा में सोचना चाहिए। गजेंद्र पटेल ने दावा किया कि आज अगर चार बच्चे पैदा होते हैं तो उनमें से एक ही हिंदू समुदाय से होता है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से हिंदुओं की जनसंख्या बढ़ने की दर कम हुई है।

शादी और बच्चे पैदा करने की दी सलाह

  • सांसद ने युवाओं की बदलती जीवनशैली का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले युवाओं की शादी 20 से 22 साल की उम्र के आसपास हो जाती थी और इसके बाद बच्चे भी जल्दी हो जाते थे। अब युवा 30 से 35 या 35 से 37 साल की उम्र तक शादी नहीं कर रहे हैं।
  • उन्होंने कहा कि शादी के बाद भी कई युवा सिर्फ एक बच्चा कर रहे हैं या बच्चे पैदा नहीं कर रहे हैं। ऐसे में हिंदू समाज के युवाओं को परिवार और जनसंख्या से जुड़े मुद्दे पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

'मैं ऐसी बात कहने से डरता नहीं'

पटेल ने कहा कि वह इस तरह की बात कहने से डरते नहीं हैं, क्योंकि वह खुद को सनातनी मानते हैं। उन्होंने मां दुर्गा की भक्ति और शक्ति की बात करते हुए युवाओं से मजबूत बनने की अपील भी की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने हथियार रखने की बात पर भी जोर दिया। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा शुरू हो गई है।

किस कार्यक्रम में दिया बयान?

गजेंद्र पटेल बड़वानी जिला मुख्यालय स्थित कालिका माता मंदिर में नवरात्रि के बाद होने वाले भंडारे को लेकर आयोजित बैठक में बोल रहे थे। इस कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक राजन मंडलोई, पूर्व मंत्री प्रेमसिंह पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद थे।

कौन हैं गजेंद्र सिंह पटेल?

  • गजेंद्र सिंह पटेल भारतीय जनता पार्टी के नेता और खरगोन-बड़वानी लोकसभा सीट से सांसद हैं। वह 2019 और 2024 में लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। उनका जन्म 16 फरवरी 1975 को बड़वानी में हुआ था।
  • उन्होंने बड़वानी के शासकीय महाविद्यालय और इंदौर क्रिश्चियन कॉलेज से पढ़ाई की है। उनके पास बीए और एलएलबी की डिग्री है। उनका पेशा कृषि और व्यवसाय से जुड़ा है। उनके पिता उमराव सिंह पटेल मध्य प्रदेश सरकार में शिक्षा मंत्री रह चुके हैं।