ब्राजील में रोप जंपिंग के दौरान 21 वर्षीय लड़की की मौत हो गई। इंस्ट्रक्टरों ने उसे 40 मीटर ऊंचे पुल से बिना सेफ्टी रस्सी बांधे नीचे फेंक दिया। इस लापरवाही के लिए 3 ट्रेनरों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
साओ पाउलो: ब्राजील से एक बेहद चौंकाने वाली खबर आई है। यहां एक एडवेंचर स्पोर्ट्स के दौरान 21 साल की एक लड़की की दर्दनाक मौत हो गई। रोप जंपिंग के लिए आई इस लड़की को ट्रेनरों की एक बड़ी गलती की वजह से अपनी जान गंवानी पड़ी। इंस्ट्रक्टरों ने उसे बिना सेफ्टी रस्सी बांधे ही पुल से नीचे फेंक दिया।

मरने वाली लड़की का नाम मारिया एडुआर्डा रोड्रिग्स डी फ्रेटस है। घटना साओ पाउलो के एक पुराने, वीरान पुल पर हुई, जो करीब 40 मीटर (लगभग 131 फीट) ऊंचा है। तीन इंस्ट्रक्टरों ने मिलकर मारिया को पुल से नीचे फेंका, लेकिन वे यह चेक करना भूल गए कि सेफ्टी रस्सी बंधी है या नहीं। इस भयानक लापरवाही के बाद ब्राजील पुलिस ने तीनों ट्रेनरों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सफेद हेलमेट पहने दो लोग मारिया के हाथ और एक तीसरा शख्स उसके पैर पकड़कर उसे पुल के किनारे तक ले जाते हैं। इसके बाद वे उसे नीचे फेंक देते हैं। लेकिन मारिया के शरीर से कोई भी सेफ्टी रस्सी नहीं बंधी थी। आपको बता दें कि रोप जंपिंग में सामान्य रस्सियों का इस्तेमाल होता है, जिसमें कूदने वाला शख्स नीचे गिरने के बाद पेंडुलम की तरह एक तरफ से दूसरी तरफ झूलता है।

वीडियो में जिस पल लड़की को नीचे फेंका जा रहा होता है, ठीक उसी वक्त पास खड़ा एक शख्स चिल्लाकर कहता है, 'रस्सी बांधो!'। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और ट्रेनर मारिया को नीचे धकेल चुके थे। पुल के नीचे कंक्रीट के फर्श पर गिरकर मारिया की मौके पर ही मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि वीडियो में लड़की को फेंकने वाले तीनों इंस्ट्रक्टर खुद सेफ्टी बेल्ट और रस्सियों से लैस दिख रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए तीनों लोग एक प्राइवेट कंपनी के इंस्ट्रक्टर हैं। पुलिस उन पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने पर विचार कर रही है। इस बीच, परिवार वालों और दोस्तों की मौजूदगी में मारिया का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
