Delhi Traffic Alert: नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स समिट का आज आखिरी दिन है। आयोजन के चलते VVIP मूवमेंट को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों से पब्लिक ट्रांसपोर्ट, खासकर मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है और एयरपोर्ट-रेलवे स्टेशन जाने वालों को एक्सट्रा टाइम लेकर चलने की सलाह दी है।
नई दिल्ली: दुनिया के बड़े नेता 18वें BRICS Summit 2026 के लिए नई दिल्ली के भारत मंडपम में जुट रहे हैं। इस दौरान होने वाले VVIP मूवमेंट की वजह से राजधानी की सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा, जिसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने एक पब्लिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे आने-जाने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें और बताए गए वैकल्पिक रास्तों से ही सफर करें।
एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और ISBT जाने वाले क्या करें
दिल्ली पुलिस ने कहा जो लोग एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और ISBT जा रहे हैं, उन्हें सलाह दी गई है कि वे घर से थोड़ा एक्सट्रा टाइम लेकर निकलें। इसके अलावा, गैर-जरूरी कमर्शियल गाड़ियों को शहर में घुसने की इजाजत नहीं होगी।
पुलिस ने खासतौर पर एयरपोर्ट जाने के लिए मेट्रो इस्तेमाल करने की सलाह दी है, क्योंकि मेट्रो सर्विस पूरी तरह चालू रहेगी और इसमें कोई रुकावट नहीं आएगी।
VVIP मूवमेंट के दौरान सिर्फ इन लोगों को छूट
- VVIP मूवमेंट के दौरान बसों के रूट में बदलाव किया जा सकता है। वहीं, टैक्सी और ऑटो को सड़क किनारे कहीं भी पार्क करने की इजाजत नहीं होगी, वे सिर्फ तय जगहों पर ही रुक सकते हैं। जरूरत पड़ने पर इनके रूट भी डायवर्ट किए जा सकते हैं।
- हालांकि, इमरजेंसी और मेडिकल गाड़ियों को पूरी दिल्ली में 24 घंटे बिना किसी रोक-टोक के आने-जाने दिया जाएगा। जरूरी सेवाओं और यूटिलिटी ऑपरेशंस पर भी कोई असर नहीं पड़ेगा।
- पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अगर उन्हें कोई भी अनजान चीज या संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो फौरन पास के पुलिस अफसर को इसकी जानकारी दें।
दिल्ली के इन इलाकों में ट्राफिक रहेगा प्रभावित
- दिल्ली में आज जिन सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा उनमें सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोती लाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड, टॉलस्टॉय मार्ग, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, केमल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग शामिल हैं।
- कंट्रोल किए गए रास्तों के 200 मीटर के दायरे में सड़क किनारे पार्किंग पर सख्त पाबंदी है। गाड़ियां सिर्फ अधिकृत पार्किंग एरिया में ही खड़ी की जा सकती हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और धैर्य बनाए रखें।
- भारत 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स समिट की मेजबानी कर रहा है। इस बार भारत की अध्यक्षता का थीम “Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” (यानी मजबूती, नए विचार, सहयोग और सस्टेनेबिलिटी के लिए निर्माण) है। इसमें विकास, सस्टेनेबिलिटी और इनोवेशन पर खास फोकस रहेगा।
- इस समिट में 11 सदस्य देशों के नेता और बड़े प्रतिनिधि, पार्टनर देश और अंतरराष्ट्रीय संगठन हिस्सा ले रहे हैं।
सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में 15,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। हर मूवमेंट पर खास नजर रखी जा रही है और ट्रैफिक को कंट्रोल करने के लिए दूसरे राज्यों की पुलिस से भी तालमेल बनाया जा रहा है।


