BRICS बिजनेस फोरम में पुतिन ने G7 पर तंज कसते हुए कहा कि BRICS करीब 40% है। जानिए वैश्विक अर्थव्यवस्था, रूस की प्रतिस्पर्धा और अमेरिका पर उनके निशाने की पूरी कहानी।

ब्रिक्स बिजनेस फोरम के लीडर्स सेशन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने वैश्विक अर्थव्यवस्था के बदलते समीकरणों पर खुलकर बात की। इसी दौरान उनका निशाना G7 पर भी रहा। पुतिन ने ब्रिक्स की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया में विकास के नए इंजन उभर रहे हैं और बदलाव को रोका नहीं जा सकता।

पुतिन ने G7 पर क्यों कसा तंज?

पुतिन ने कहा कि ब्रिक्स देश दुनिया की करीब आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं और वैश्विक आर्थिक वृद्धि में उनका योगदान लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने G7 का जिक्र करते हुए तंज कसा कि “हम 40% हैं और वो हमसे कम हैं।” उनके मुताबिक ब्रिक्स देशों के बाजार बड़े हैं और करीब 40% व्यापार इसी समूह से जुड़ा है। पुतिन ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में दुनिया के आर्थिक समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।

यह भी पढ़ें: Xi Jinping Car: जिनपिंग से पहले दिल्ली आ रही उनकी कार, BRICS में दिखेगा 18 फीट लंबी Hongqi का जलवा

रूस की कंपनियों से हो रही बड़ी प्रतिस्पर्धा

रूसी राष्ट्रपति ने परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में अपने देश की कंपनियों की ताकत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रूस की परमाणु ऊर्जा कंपनी दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल है। पुतिन के मुताबिक कई देश अपनी पुरानी आर्थिक और कारोबारी ताकत वापस हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए बड़े स्तर पर प्रयास हो रहे हैं, लेकिन रूस को भी वैश्विक प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है।

अमेरिका पर निशाना, ब्रिक्स को बताया बिजनेस प्लेटफॉर्म

पुतिन ने ईरान के संदर्भ में अमेरिका की नीतियों और प्रतिबंधों पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रतिबंध लगाने वाले कुछ देशों की औद्योगिक स्थिति प्रभावित हुई है और कई अर्थव्यवस्थाओं में गिरावट देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि रूस किसी देश के खिलाफ नहीं है और अपने हितों के साथ सभी साझेदारों के साथ काम करने को तैयार है। पुतिन ने ब्रिक्स को कारोबार बढ़ाने और नए साझेदार तलाशने का प्रभावी प्लेटफॉर्म बताया।

यह भी पढ़ें: BRICS Summit 2026: दिल्ली में 12 सितंबर की शाम ट्रैफिक अलर्ट, भारत मंडपम के आसपास के रास्ते रहेंगे बंद