कर्नाटक के श्रृंगेरी में एक दुल्हन ने फेरों से पहले शादी तोड़ दी। एक गुमनाम चिट्ठी से दूल्हे की छिपाई उम्र (41), पुलिस केस और छेड़छाड़ के आरोपों का पता चला। दुल्हन ने भरोसे की कमी बताकर शादी से इनकार कर दिया।
कर्नाटक के चिकमगलूर जिले के श्रृंगेरी में एक शादी के मंडप में तब हड़कंप मच गया, जब एक दुल्हन ने फेरों से ठीक पहले शादी तोड़ दी। 29 साल की दुल्हन ने आरोप लगाया कि 41 साल के दूल्हे ने उससे कई गंभीर बातें छिपाई थीं। यह पूरी घटना श्रृंगेरी के इडिगा समुदाय भवन में हुई। यह दूल्हे की पहली और दुल्हन की दूसरी शादी थी। दुल्हन का पिछली शादी से एक 9 साल का बेटा भी है। महिला इस शादी के लिए सिर्फ इसलिए राजी हुई थी क्योंकि दूल्हे ने उसके बच्चे को अपनाने का वादा किया था।
शादी की रस्में चल ही रही थीं कि दुल्हन को एक 5 पन्नों की गुमनाम चिट्ठी मिली। इस चिट्ठी में दूल्हे के बारे में कई चौंकाने वाली बातें लिखी थीं। जब दुल्हन ने इस बारे में दूल्हे के परिवार से पूछा, तो उन्होंने बात टाल दी और कहा कि शादी के बाद बात करेंगे। इसी बात पर दुल्हन का शक यकीन में बदल गया और उसने तुरंत शादी रोकने के लिए कह दिया।
दुल्हन ने दूल्हे पर ये गंभीर आरोप लगाए…
- दूल्हे दीक्षित ने अपनी असली उम्र छिपाई।
- उसके खिलाफ कई पुलिस केस दर्ज हैं।
- वह 2021 में एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के केस में भी आरोपी था।
- उसने अपनी मां की सेहत के बारे में भी झूठ बोला था।
- जब भी उससे सवाल पूछे जाते, तो वह 'शादी के बाद बात करेंगे' कहकर टाल देता था।
शादी के हॉल में माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामला बढ़ता देख श्रृंगेरी पुलिस और बाल विकास परियोजना कार्यालय के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुल्हन को समझाने और काउंसलिंग की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। दुल्हन ने साफ कह दिया, 'मैं ऐसी जगह अपनी जिंदगी शुरू नहीं करना चाहती, जहां भरोसा ही न हो।' इतना कहकर वह मंडप से चली गई। इसके बाद शादी आधिकारिक तौर पर रद्द कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


