केरल में एक शादी के रिसेप्शन में दूल्हे के दोस्तों ने सरप्राइज देने के चक्कर में ऐसा कुछ कर दिया कि दुल्हन स्टेज पर ही बेहोश हो गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा। जानिए क्या है पूरा मामला।

शादी हर किसी की ज़िंदगी का सबसे खास और यादगार पल होता है। दोस्त और रिश्तेदार इस मौके को और खास बनाने के लिए तरह-तरह के सरप्राइज प्लान करते हैं। लेकिन केरल में दोस्तों का ऐसा ही एक सरप्राइज उल्टा पड़ गया। जश्न के लिए फोड़े गए पटाखों के तेज धमाके से दुल्हन इतनी डर गई कि स्टेज पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना केरल के कोच्चि के पास त्रिपुणीथुरा की है। कोच्चि के वैत्तिला की रहने वाली दुल्हन और दूल्हे का रिसेप्शन रविवार शाम को त्रिपुणीथुरा के एक प्राइवेट हॉल में चल रहा था। रिश्तेदार और दोस्त नए जोड़े को आशीर्वाद देने पहुंचे थे। दूल्हे के दोस्तों ने कपल की एंट्री को धमाकेदार बनाने का प्लान बनाया था। जैसे ही दूल्हा-दुल्हन स्टेज की तरफ बढ़े, दोस्तों ने अचानक बहुत तेज आवाज वाले 'गुंडु पटाखे' (एक तरह के तेज धमाके वाले पटाखे) फोड़ दिए। इस अचानक हुए तेज धमाके से दुल्हन बुरी तरह घबरा गई और कांपते हुए वहीं स्टेज पर गिर पड़ी। एक पल में ही जश्न का माहौल चिंता में बदल गया।

अस्पताल ले जाया गया

दुल्हन को बेहोश होते देख, दूल्हा और परिवार वाले घबरा गए। वे उसे तुरंत शादी वाली कार में ही पास के त्रिपुणीथुरा तालुक अस्पताल ले गए। रात करीब 7:30 बजे दुल्हन को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने फौरन इलाज शुरू किया और उसे ड्रिप लगाई। कुछ देर बाद उसे होश आ गया और डॉक्टरों ने बताया कि अब उसकी हालत ठीक है। राहत की बात यह रही कि इलाज के बाद दुल्हन हिम्मत दिखाकर दूल्हे के साथ वापस रिसेप्शन हॉल पहुंची और रुके हुए फंक्शन को पूरा किया गया। हालांकि, दोस्तों की इस हरकत से परिवार वाले और मेहमान काफी नाराज थे।

शादियों में बढ़ती ऐसी घटनाएं

आजकल शादी-ब्याह में छोटी-छोटी बातों पर बड़े बवाल होना आम हो गया है। हाल ही में केरल में ही एक शादी में खाने के दौरान 'पापड़' न परोसने पर दो गुटों में मारपीट हो गई थी, जिसका वीडियो खूब वायरल हुआ था। अब इस पटाखे वाली घटना ने फिर से इस बहस को छेड़ दिया है। सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं कि "जश्न के नाम पर ऐसा कुछ नहीं करना चाहिए जिससे दूसरों को खतरा हो या परेशानी हो।"