Chhatarpur Chaddi Chor: मध्य प्रदेश के छतरपुर में व्यापारी ने 7 दिनों तक रोज अंडरवियर चोरी होने की शिकायत पुलिस से की। मामला सामने आने के बाद चार चड्डियां अचानक घर में वापस फेंक दी गईं। पुलिस अब रहस्यमयी चोर की तलाश कर रही है।

छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान है। लवकुशनगर थाना क्षेत्र में एक व्यापारी ने आरोप लगाया कि उसके घर से लगातार सात दिनों तक रोजाना एक-एक अंडरवियर चोरी हो रहा था। परेशान व्यापारी आखिरकार पुलिस थाने पहुंचा और अज्ञात चोर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। शिकायत दर्ज कराने के दौरान व्यापारी ने पुलिस के सामने ऐसी बात कह दी, जिसने इस पूरे मामले को और भी अजीब बना दिया।

7 दिन तक रोज गायब हो रही थी एक चड्डी

मामला चंदला रोड निवासी व्यापारी गौरीशंकर कुशवाहा से जुड़ा है। व्यापारी का आरोप है कि उसके घर से पिछले सात दिनों से लगातार अंडरवियर गायब हो रहे थे। हर दिन एक चड्डी चोरी होने से वह परेशान हो गया। लगातार हो रही इस अजीब चोरी के बाद गौरीशंकर ने लवकुशनगर थाने में लिखित शिकायत दी और पुलिस से अज्ञात व्यक्ति का पता लगाने की मांग की। व्यापारी ने पुलिस से कथित तौर पर कहा, “जब तक मेरी चड्डियां नहीं मिलेंगी, तब तक चड्डी नहीं पहनूंगा।” शिकायत के इस अनोखे अंदाज ने मामले को और चर्चा में ला दिया।

View post on Instagram

यह भी पढ़ें: Delhi Lakshmi Yojana में 3 बच्चों का नियम क्यों? CM रेखा गुप्ता ने विधानसभा में दिया बड़ा जवाब

शिकायत के बाद अचानक वापस लौटीं चार चड्डियां

पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की। इसी बीच जब घटना की जानकारी मीडिया तक पहुंची तो मामले में नया मोड़ आ गया। व्यापारी के मुताबिक, उसकी चोरी हुई चार चड्डियां अचानक वापस उसके घर के अंदर फेंक दी गईं। अज्ञात व्यक्ति उन्हें घर में फेंककर वहां से चला गया। चोरी हुई चीजों के इस तरह वापस लौटने के बाद मामला और रहस्यमय हो गया है। व्यापारी का दावा है कि उसने चार अंडरवियर वापस मिलने की जानकारी पुलिस को दी है।

पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल- कौन था चोर?

चार चड्डियां वापस मिलने के बाद पुलिस के सामने जांच का एक नया पहलू सामने आया है। आखिर वह कौन व्यक्ति था, जो लगातार घर से अंडरवियर चोरी कर रहा था? और मीडिया में मामला सामने आने के बाद उसने चोरी की गई चीजों को वापस क्यों कर दिया? फिलहाल इन सवालों का जवाब सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

इस घटना ने इलाके में भी खूब चर्चा बटोरी है। एक तरफ सात दिनों तक लगातार चोरी की शिकायत और दूसरी तरफ मीडिया में मामला आने के बाद चार चड्डियों का वापस मिलना, पूरे घटनाक्रम को किसी रहस्य से कम नहीं बना रहा।

यह भी पढ़ें: चोरी के डर से खेत में गाड़े 5 लाख, फिर भूल गया जगह; एक साल बाद मिला कैश तो रह गया सन्न