चीन में एक महिला ने 7 साल से कोमा में पड़े पति की सेवा की। नसों को एक्टिव करने के लिए वह रोज़ उसके पैर में काटती थी। एक दिन पति ने होश में आकर 'आई लव यू' कहा।

वायरल लव स्टोरीः कभी-कभी कोमा या पैरालाइसिस में पड़े लोग ऐसी वापसी करते हैं कि सब हैरान रह जाते हैं। ऐसा ही एक मामला चीन से सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। यहां एक पत्नी ने 7 साल से बिस्तर पर पड़े अपने पति के पैर में काटा, तो पति ने उठकर 'आई लव यू' कह दिया। ये कहानी साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने रिपोर्ट की है।

एक बच्चे को बचाने की कोशिश

करीब 7 साल पहले, वॉटरप्रूफिंग का काम करने वाले झाओ जिन्कियान एक वेयरहाउस की छत पर फंसे तीन साल के बच्चे को बचाने के लिए चढ़े थे। बच्चे को सुरक्षित जगह पर पहुंचाते वक्त, वो खुद करीब 6 मीटर की ऊंचाई से नीचे गिर गए। गिरते वक्त उन्होंने बच्चे को बचाने के लिए उसे अपनी बॉडी से ढक लिया। बच्चा तो बच गया, लेकिन झाओ के सिर में गंभीर चोट आई। डॉक्टरों ने कहा था कि उनके होश में आने की उम्मीद बहुत कम है।

सात साल लंबा इंतज़ार

झाओ की पत्नी सोंग मेई (45) ने अपने पति को ठीक करने में 7 साल लगा दिए। वो हर दिन उनके कपड़े बदलतीं, उन्हें खाना खिलातीं और उनके हाथ-पैरों की एक्सरसाइज कराती थीं। सोंग लगातार झाओ से बातें करती रहती थीं। यही नहीं, नसों को एक्टिव करने के लिए वो रोज़ाना झाओ के पैर की उंगलियों में काटती थीं। पूरे सात साल तक उन्होंने अपने पति की ऐसी ही सेवा की। आखिरकार, उनके शरीर ने धीरे-धीरे हरकत करना शुरू कर दिया। पिछले दिनों जब झाओ ने अपनी पत्नी को देखकर कहा, 'मैं तुमसे प्यार करता हूं', तो सोंग हैरान रह गईं। बाद में डॉक्टरों ने भी जांच में बताया कि झाओ की हालत में काफी सुधार है।

वायरल हुई झाओ और सोंग की कहानी

हादसे से पहले दोनों एक साधारण ज़िंदगी जीते थे। सोंग एक किंडरगार्टन में आर्ट टीचर थीं और गरीब परिवारों के बच्चों को मुफ्त में पेंटिंग सिखाती थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे से पहले झाओ ने भी कुछ बच्चों की पढ़ाई का खर्चा उठाया था। अब इन दोनों की कहानी चीनी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। लोग इसे 'सच्चा प्यार' बता रहे हैं।