Uttar Pradesh Assembly Polls: केंद्रीय मंत्री और एलजेपी (रामविलास) के चीफ चिराग पासवान ने ऐलान किया है कि उनकी पार्टी 2027 का यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेगी। प्रयागराज में युवाओं से बातचीत करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय युवा आयोग बनाने की भी बात कही।

Lok Janshakti Party Ram Vilas: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने रविवार को एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उतरेगी। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर एक 'युवा आयोग' (National Youth Commission) बनाने की दिशा में काम करने की बात भी कही। चिराग प्रयागराज में आयोजित 'यूथ बोले तो' कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां उनका अंदाज बिल्कुल अलग था। वे जींस और टी-शर्ट पहनकर कैजुअल लुक में नजर आए। इस दौरान उन्होंने युवाओं से शिक्षा, रोजगार, स्किल डेवलपमेंट और राजनीति में युवाओं की हिस्सेदारी जैसे अहम मुद्दों पर खुलकर बात की।

यूपी में बीजेपी, समाजवादी पार्टी, बीएसपी और कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टियां अभी से 2027 के चुनावों की तैयारियों में जुट गई हैं। इसी बीच चिराग पासवान ने साफ कर दिया, "इसमें कोई शक नहीं है कि एलजेपी (रामविलास) 2027 का यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेगी।"

यूथ कमीशन का वादा और स्किल डेवलपमेंट पर जोर

युवाओं को संबोधित करते हुए चिराग ने कहा कि वे लोगों से सीधा जुड़ना चाहते हैं ताकि एक 'सपनों का उत्तर प्रदेश' बनाया जा सके। उन्होंने कहा, "युवाओं की समस्याओं को समझने और उन्हें सुलझाने के लिए राष्ट्रीय युवा आयोग का गठन किया जाएगा।"

करियर को लेकर भी उन्होंने युवाओं को खास सलाह दी। चिराग ने कहा, "युवाओं को अपनी दिलचस्पी के हिसाब से करियर चुनना चाहिए। परिवार के दबाव में आकर सिर्फ मेडिकल या सिविल सर्विस की तैयारी करने के बजाय, उन्हें अपनी स्किल्स को निखारने पर फोकस करना चाहिए।"

एलजेपी (रामविलास) चीफ ने प्राइवेट हॉस्टल्स की व्यवस्था पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों से आकर हॉस्टल में रहने वाले छात्रों के लिए खाने, बिजली और पानी की सही व्यवस्था होनी चाहिए और इसकी ठीक से निगरानी भी होनी चाहिए।

चिराग ने 'स्टार्टअप इंडिया' का समर्थन करते हुए युवाओं से नए आइडियाज के साथ आगे आने की अपील की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि युवाओं को राजनीति में आना चाहिए और अपने भविष्य से जुड़े फैसलों में हिस्सा लेना चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने एक 'यूथ पोर्टल' बनाने का भी ऐलान किया, जहां युवा अपनी परेशानियां शेयर कर सकेंगे और उन्हें सुलझाने की कोशिश की जाएगी।

इससे पहले, कार्यक्रम में पहुंचते ही चिराग ने कहा, “मैं यहां अपने युवा साथियों को सुनने आया हूं। हम बिहार में युवा आयोग बनाने में कामयाब रहे हैं। देश की आबादी में सबसे बड़ा हिस्सा युवाओं का है। इसलिए हम राष्ट्रीय स्तर पर भी युवा आयोग बनाने की पहल कर रहे हैं... इसमें कोई शक नहीं है कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 2027 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने जा रही है।”