कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने प्रवक्ता विजेता दहिया को पद से हटा दिया है। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उनके रवैये के कारण यह कार्रवाई की गई। एक वायरल वीडियो में वह प्रदर्शन से बाहर घूमते दिखे थे।

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपने प्रवक्ता विजेता दहिया को पद से हटा दिया है। पार्टी ने कहा कि जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच विजेता दहिया का रवैया स्वीकार नहीं किया जा सकता। दरअसल, कल एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें कुछ युवा, दहिया से सवाल-जवाब कर रहे थे। दहिया प्रदर्शन में शामिल होने के बजाय बाहर घूम रहे थे। जब युवाओं ने इस पर सवाल उठाया, तो दहिया ने अपनी इस हरकत को सही ठहराने की कोशिश की। पार्टी ने उनके इसी काम की निंदा करते हुए यह कार्रवाई की है।

विजेता दहिया एक पॉलिटिकल रिसर्चर और फिल्ममेकर हैं। पॉलिटिकल रिसर्च और स्ट्रैटेजिक एनालिसिस के क्षेत्र में उनका ट्रैक रिकॉर्ड काफी अच्छा माना जाता है। उन्होंने दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से अपनी पढ़ाई पूरी की है। विजेता दहिया दो बेस्टसेलर किताबों के लेखक भी हैं। उन्होंने 'पावर ऑफ यूनिवर्स' (Power of Universe) और 'टू हेल विद दैट जॉब' (To Hell With That Job) जैसी किताबें लिखी हैं।

CJP के जंतर-मंतर प्रदर्शन के अब तक के अपडेट

- NEET मुद्दे को लेकर प्रदर्शन शुरू हुआ: CJP ने NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक और एजुकेशन सिस्टम में सुधार की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शुरू किया।

- प्रदर्शन का नेतृत्व अभिजीत दीपके कर रहे हैं: आंदोलन में अभिजीत दीपके प्रमुख चेहरों में शामिल हैं। उनके साथ कई छात्र और युवा संगठन जुड़े हैं।

- 'संसद चलो' मार्च निकाला गया: प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ।

- पुलिस ने बैरिकेडिंग और कार्रवाई की: पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेड लगाए और कार्रवाई की। कुछ रिपोर्ट्स में आंसू गैस और बल प्रयोग का भी जिक्र है।

- कई प्रदर्शनकारी घायल: प्रदर्शन के दौरान कई प्रदर्शनकारियों को चोट आई। आरोप है कि पुलिस ने बर्बरता से उन्हें मारा-लाठियां बरसाईं।

- प्रदर्शनकारियों के लिए देशभर से खाना पहुंचा: पुलिस बैरिकेडिंग के बाद लोगों ने फूड डिलीवरी ऐप्स के जरिए प्रदर्शन स्थल पर खाना और पानी भेजना शुरू किया।

- 500 से ज्यादा फूड पैकेट पहुंचने का दावा: वॉलंटियर्स के अनुसार, अलग-अलग राज्यों से प्रदर्शनकारियों के लिए खाने के पैकेट भेजे गए।

- सरकार से शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग: प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और NEET व्यवस्था में जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।

- विपक्ष ने भी मुद्दा उठाया: विपक्षी दलों ने NEET विवाद और प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।

- CJP ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया: पुलिस कार्रवाई के बाद भी प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर पर आंदोलन जारी रखने की बात कही है।