CM Yogi Adityanath Japan Grand Welcome: टोक्यो एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रवासी भारतीयों ने बड़े उत्साह और आत्मीयता के साथ स्वागत किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर भारतीय लोगों के चेहरे खिल उठे।

टोक्यो/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का टोक्यो में भारतीय समुदाय के लोगों ने जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर प्रवासी भारतीयों के चेहरे खिल उठे। उनके आगमन पर टोक्यो एयरपोर्ट का माहौल ही बदला-बदला नजर आया। हर तरफ सीएम को देखने का उत्साह गजब था। प्रवासी भारतीयों ने जिस गर्मजोशी और भावनात्मक जुड़ाव के साथ उनका वेलकम किया, वो देखने लायक था। हर किसी में भारत को लेकर गहरा लगाव देखने को मिला।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पारंपरिक अंदाज और संस्कृति का झलक

मुख्यमंत्री के आने से पहले ही एयरपोर्ट पर पारंपरिक भारतीय कपड़ों में लोग जमा हो चुके थे। महिलाओं ने साड़ी और सलवार-सूट पहना था, जबकि पुरुष कुर्ता-पायजाम में नजर आए। कुछ लोगों ने भगवा रंग पहनकर अपने सांस्कृतिक जुड़ाव का इजहार किया। एक बच्ची ने मुख्यमंत्री के माथे पर तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया।

सीएम की एक झलक पाने को बेताब दिखे भारतीय

सीएम योगी आदित्यनाथ को देखते ही प्रवासी भारतीयों के चेहरे पर चमक और खुशी साफ दिख रही थी। लोग मुख्यमंत्री के साथ फोटो लेने और उनकी एक झलक पाने को लेकर बेहत उत्साहित थे। एक प्रवासी भारतीय ने मुख्यमंत्री को भारत-जापान के आध्यात्मिक संबंधों को दर्शाता पोस्टर भेंट किया, जिसमें दोनों देशों की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान शामिल थी। वहीं, एक महिला ने हाथ से बनाई पेंटिंग गिफ्ट दी, जो सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक बनी।

सीएम योगी की पहली आधिकारिक जापान यात्रा

टोक्यो पहुंचने पर यामानाशी प्रांत के वाइस गवर्नर जुनिचि इशिदरा ने भी मुख्यमंत्री की अगवानी की। यह स्वागत केवल एक शिष्टाचार भेंट नहीं, बल्कि भारत और जापान के बीच मजबूत होते रणनीतिक और सांस्कृतिक संबंधों का प्रमाण भी था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जापान यात्रा दो देशों के आधिकारिक दौरे का हिस्सा है और जापान की उनकी पहली आधिकारिक यात्रा है। कई प्रवासी भारतीयों के लिए यह क्षण इसलिए भी खास रहा क्योंकि उन्होंने अपने गृह प्रदेश के मुख्यमंत्री को वैश्विक मंच पर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते देखा।

भारत-जापान के रिश्तों को नई ऊंचाई

प्रवासी समुदाय ने सीएम योगी के इस दौरे को उत्तर प्रदेश के विकास, निवेश और औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं से जोड़कर देखा। उनके मन में यह विश्वास झलकता रहा कि यह यात्रा भारत और जापान के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देगी। टोक्यो में सीएम योगी को मिला आत्मीय स्वागत इस बात का प्रमाण है कि भौगोलिक दूरी चाहे जितनी हो, दिलों के बीच कभी दूरी नहीं होती।