मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी विधानसभा के बजट सत्र में दिवंगत विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल और विजय सिंह गौड़ को श्रद्धांजलि दी। दोनों नेताओं के विकास, सामाजिक न्याय और जनसेवा में योगदान को सदन में याद किया गया।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को सदन में दिवंगत विधायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त करते हुए दोनों नेताओं के योगदान को याद किया और उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

प्रो. श्याम बिहारी लाल के निधन पर मुख्यमंत्री का शोक संदेश

मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि वर्तमान विधानसभा के सदस्य प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल का 2 जनवरी 2026 को 60 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे दूसरी बार विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए थे और फरीदपुर (बरेली) से भारतीय जनता पार्टी के विधायक थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रो. श्याम बिहारी लाल मिलनसार, सरल और जमीन से जुड़े जनप्रतिनिधि थे। उनका शिक्षा जगत से गहरा जुड़ाव रहा। वे इतिहास संकलन समिति, बरेली के अध्यक्ष रहे और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली की कार्यसमिति के सदस्य भी थे।

विकास और सामाजिक कल्याण में प्रो. श्याम बिहारी लाल का योगदान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रो. श्याम बिहारी लाल ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में बुनियादी विकास कार्यों को गति दी और पिछड़े, वंचित एवं गरीब वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया। उन्होंने कहा कि जब शिक्षा जगत से जुड़े विद्वान जनप्रतिनिधि बनते हैं, तो वे लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करते हैं। उनके निधन से प्रदेश और भाजपा को अपूर्णनीय क्षति हुई है।

वरिष्ठ विधायक विजय सिंह गौड़ के निधन पर सदन में शोक

मुख्यमंत्री ने वर्तमान विधानसभा के वरिष्ठ सदस्य विजय सिंह गौड़ के निधन पर भी गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी से विधायक विजय सिंह गौड़ का 8 जनवरी 2026 को 71 वर्ष की आयु में निधन हो गया। विजय सिंह गौड़ आठवीं बार विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे। उनका राजनीतिक सफर 1980 में शुरू हुआ था। उन्होंने 1980, 1985, 1989, 1991, 1993, 1996, 2002 में विधानसभा चुनाव जीते। 2024 के उपचुनाव में वे दुद्धी विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए थे। वे जनजातीय समाज की सशक्त आवाज के रूप में पहचाने जाते थे।

जल-जंगल-जमीन और जनहित मुद्दों पर विजय सिंह गौड़ की भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि विजय सिंह गौड़ ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों को हमेशा प्राथमिकता दी। उनके निधन से न केवल जनजातीय समाज, बल्कि पूरे प्रदेश ने एक संघर्षशील समाजसेवी और अनुभवी राजनेता को खो दिया है।

दिवंगत विधायकों को श्रद्धासुमन, परिजनों के लिए प्रार्थना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों दिवंगत सदस्यों के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए और ईश्वर से शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।