बिहार के गोपालगंज में एक शादी में, मनपसंद गाने पर डांस से मना करने पर 25 वर्षीय डांसर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गाना बदलने को लेकर हुए विवाद के बाद यह वारदात हुई। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले में एक शादी समारोह के दौरान दिल दहला देने वाली घटना हुई है। यहां मनपसंद गाने पर डांस करने से मना करने पर एक 25 साल के डांसर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ये वारदात गुरुवार रात एक स्टेज प्रोग्राम के दौरान हुई। पुलिस ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी दी।

बताया जा रहा है कि गाना बदलने को लेकर हुए विवाद के बाद उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले 25 साल के डांसर पर हमला किया गया। मृतक की पहचान देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के महुआ पाटन गांव के रहने वाले उमेश गौंड के बेटे सोनू गौंड के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, सोनू और चार अन्य डांसर गुरुवार शाम को देवरिया से बिहार के कत्या थाना क्षेत्र के जमुना पाती गांव में शादी के एक प्रोग्राम में परफॉर्म करने आए थे। प्रोग्राम चल ही रहा था कि तभी वहां मौजूद कुछ दर्शकों ने एक खास गाना बजाने और उस पर डांस करने की मांग की। वो लोग डांसर पर लगातार दबाव बना रहे थे। जब उनकी मांग तुरंत पूरी नहीं हो सकी, तो आरोपी और डांस ग्रुप के सदस्यों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते ये विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों में से एक ने बंदूक निकालकर सोनू पर गोली चला दी। गोली लगने से सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे फौरन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने बताया कि कत्या पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। गोलीबारी के बाद फरार हुए बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर छापेमारी की जा रही है।
