Daughters Surprise for Mother Viral Video: पार्क चलने के बहाने बेटियों ने मां को कार में बैठाया, फिर दिया ऐसा वीकेंड सरप्राइज कि उनकी खुशी भरी प्रतिक्रिया का वीडियो वायरल हो गया। देखें

Instagram Viral Video: हर मां अपने बच्चों के लिए अनगिनत सरप्राइज तैयार करती है, लेकिन जब वही बच्चे अपनी मां के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए चुपचाप बड़ी योजना बनाएं, तो वह पल हमेशा के लिए यादगार बन जाता है। सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक दिल छू लेने वाला वीडियो तेजी से लोगों का ध्यान खींच रहा है। इसमें दो बहनों ने अपनी मां को बिना कुछ बताए पूरे वीकेंड ट्रिप का सरप्राइज दिया। जैसे ही मां को असली मंजिल का पता चला, उनकी मासूमियत और खुशी से भरी प्रतिक्रिया ने इंटरनेट का दिल जीत लिया।

एक हफ्ते तक बिना भनक लगे करती रहीं तैयारी

वीडियो शेयर करने वाली श्राव्या गुनिपुडी ने बताया कि इस सरप्राइज की तैयारी करीब एक सप्ताह पहले शुरू कर दी गई थी। दोनों बहनों ने धीरे-धीरे मां के कपड़े और जरूरी सामान घर से निकालकर कार की डिक्की में रख दिया ताकि उन्हें किसी तरह का शक न हो। उन्होंने पहले से होटल बुक कराया, पूरा वीकेंड खाली रखने की व्यवस्था की और मां को सिर्फ इतना बताया कि वे कुछ घंटों के लिए पास के पार्क जा रहे हैं। सबसे मुश्किल काम था पूरी योजना को मां से छिपाकर रखना, क्योंकि वह अपनी बेटियों पर हर समय नजर रखती हैं।

जब पता चला असली प्लान, तो खुशी से झूम उठीं मां

वीडियो की शुरुआत में मां कार की पिछली सीट पर बैठी नजर आती हैं। उन्हें पूरा भरोसा होता है कि परिवार पार्क घूमने जा रहा है। वह मुस्कुराते हुए कहती हैं कि वह बहुत खुश हैं। कुछ देर बाद बेटियां उन्हें बताती हैं कि वे पार्क नहीं, बल्कि पूरे वीकेंड के लिए श्रीशैलम जा रहे हैं। यह सुनते ही मां कुछ पल के लिए हैरान रह जाती हैं और बार-बार पूछती हैं, "क्या सच में?" जब बेटियां बताती हैं कि उनका सारा सामान पहले ही पैक किया जा चुका है, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहता। उनकी खिलखिलाहट और उत्साह इस सरप्राइज को और भी खास बना देता है। नीचे देखें वायरल वीडियो-

View post on Instagram

सोशल मीडिया पर लोगों ने कहा- हर मां को मिलना चाहिए ऐसा सरप्राइज

यह वीडियो सामने आते ही लोगों ने दोनों बहनों की जमकर तारीफ की। कई यूजर्स ने लिखा कि मां की मासूम खुशी देखने लायक थी। कुछ लोगों ने कहा कि उनके चेहरे की मुस्कान ही बता रही थी कि यह पल उनके लिए कितना खास है। कई प्रतिक्रियाओं में लोगों ने माना कि रोजमर्रा की जिम्मेदारियों में व्यस्त रहने वाली हर मां ऐसे छोटे लेकिन दिल से किए गए सरप्राइज की हकदार है। वहीं कुछ यूजर्स ने लिखा कि बेटियां बड़ी होकर सिर्फ बेटी नहीं रहतीं, बल्कि मां का सबसे बड़ा सहारा और दोस्त बन जाती हैं। यह वीडियो सिर्फ एक ट्रिप की कहानी नहीं, बल्कि परिवार, अपनापन और छोटे-छोटे सरप्राइज से रिश्तों को और मजबूत बनाने का खूबसूरत संदेश भी देता है।