Delhi ITO Accident: दिल्ली के ITO के पास एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार डिवाइडर से टकराकर एक इनोवा से जा भिड़ी। इस हादसे में दो विधायकों, अनिल झा और अभय पाटिल समेत कुल छह लोग घायल हो गए।

Delhi Road Accident: दिल्ली के ITO इलाके में 22 अगस्त की रात एक भीषण सड़क हादसे में दो विधायकों समेत छह लोग मामूली रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, हादसा रात करीब 9:30 बजे PWD कार्यालय के पास हुआ, जहां एक स्विफ्ट कार डिवाइडर से टकराने के बाद रेलिंग पार कर सामने से आ रही इनोवा से जा भिड़ी।

हादसे में दो विधायक घायल

हादसे में दिल्ली की किराड़ी विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पाटिल भी घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों में सवार सभी लोगों को इलाज के लिए लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, सभी घायलों की हालत स्थिर है।

डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में पहुंची स्विफ्ट

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, हादसे के संबंध में रात करीब 9:30 बजे IP Estate थाने को PCR कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दोनों क्षतिग्रस्त वाहन मिले।

पुलिस ने बताया कि 32 वर्षीय आशुतोष पांडे स्विफ्ट कार चला रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी और दो नाबालिग बच्चे भी मौजूद थे। कार लक्ष्मी नगर से ITO की ओर जा रही थी। PWD कार्यालय के पास अचानक स्विफ्ट डिवाइडर से टकराई और रेलिंग पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई।

Scroll to load tweet…

सामने से आ रही इनोवा से हुई टक्कर

रेलिंग पार करने के बाद स्विफ्ट सामने से ITO की ओर से लक्ष्मी नगर जा रही इनोवा से टकरा गई। हादसे के वक्त इनोवा में विधायक अनिल झा और अभय पाटिल सवार थे।

हादसा पुराने पुलिस मुख्यालय के पास PWD कार्यालय के नजदीक हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इनोवा के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।

दमकल विभाग ने हटाए क्षतिग्रस्त वाहन

दुर्घटना के बाद सड़क से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात बहाल करने के लिए दमकल विभाग की मदद ली गई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि स्विफ्ट पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे लगी रेलिंग को पार करते हुए विपरीत दिशा की लेन में चली गई।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

पुलिस ने बताया कि दोनों वाहनों में सवार सभी छह लोगों को मामूली चोटें आई हैं और सभी को LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच शुरू कर दी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि स्विफ्ट डिवाइडर से किस वजह से टकराई और हादसे से पहले वाहन की गति या चालक की स्थिति क्या थी।