दिल्ली के मुस्तफाबाद में आखिर शादी के सिर्फ 3 महीने बाद दुल्हन ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया? क्या दहेज की मांग और मानसिक प्रताड़ना बनी महिला की मौत की वजह? मुस्तफाबाद मामले में पति और ससुराल वालों पर क्या-क्या आरोप लगे?
मुस्तफाबाद: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां एक 25 साल की नई-नवेली दुल्हन ने एक इमारत की चौथी मंजिल से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। महिला के परिवार ने उसके पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है।

पुलिस के मुताबिक, यह दर्दनाक घटना सोमवार की है। महिला को गंभीर हालत में पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला ने करीब तीन महीने पहले ही अपनी पसंद के लड़के से शादी की थी। यह एक लव मैरिज थी। पीड़िता के परिवार का आरोप है कि शादी के एक महीने बाद ही उसके पति और ससुराल वाले उस पर सोने और नकदी के लिए दबाव बनाने लगे थे। उनका कहना है कि दहेज की इन मांगों को लेकर उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। पिछले कई हफ्तों से वह बहुत ज्यादा तनाव में जी रही थी।
इस मौत के बाद से परिवार में गुस्सा है और वे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। एक पुलिस अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और मामले की आगे की जांच चल रही है।
