Disha Salian Case: CBI जांच के बीच 2020 के एक पुलिस बयान में रहस्यमयी महिला का जिक्र सामने आया है। बयान के मुताबिक, दिशा को दो पुरुषों और एक महिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अब उस महिला की पहचान जांच का अहम सवाल है।
Disha Salian Case: दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियन की मौत की जांच में एक नई कड़ी सामने आई है। CBI की जांच के बीच 2020 के एक पुलिस बयान में उस रात अस्पताल पहुंचाने वाले लोगों में एक अज्ञात महिला का जिक्र मिला है। सवाल यह है कि वह महिला कौन थी और बाकी रिकॉर्ड में उसका नाम क्यों नहीं मिलता?
Disha Salian Death: कॉन्स्टेबल के बयान में 'दो पुरुष और एक महिला'
15 जून 2020 को अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल संतोष कचिरात गुंगुने का बयान दर्ज किया गया था। इसमें अस्पताल के डॉक्टर से मिली जानकारी का हवाला देते हुए कहा गया कि दिशा को “दो पुरुषों और एक महिला” ने अस्पताल पहुंचाया था। दिशा की मौत 8 जून 2020 की रात मुंबई के मलाड स्थित एक इमारत से गिरने के बाद हुई थी। दिशा के मंगेतर रोहन राय और मामले से जुड़े दूसरे लोगों ने अस्पताल ले जाने वाले दो लोगों के तौर पर हिमांशु शिखरे और इंद्रनील वैद्य का नाम बताया था। लेकिन उपलब्ध दूसरे बयानों में किसी महिला का जिक्र नहीं मिलता। यही अंतर अब जांच के लिहाज से अहम सवाल बन गया है।
सीबीआई की एफआईआर में बड़े नाम, साजिश और सबूत मिटाने का आरोप
बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई ने इस मामले में हत्या और साजिश की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। एफआईआर में शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे, पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे, अभिनेता डिनो मोरिया, सूरज पंचोली और रिया चक्रवर्ती जैसे प्रमुख नामों की भूमिका की जांच की बात कही गई है। सीबीआई का आरोप है कि मामले को दबाने के लिए सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल किया गया, सार्वजनिक रिकॉर्ड के साथ छेड़छाड़ हुई और केस से जुड़े अहम कागजात छिपाए गए।
Disha Salian Death: पुलिस की पुरानी जांच पर भी सवाल
मुंबई पुलिस ने पहले दिशा की मौत को आत्महत्या बताया था। उनके पिता सतीश सालियन ने बाद में जांच में गंभीर खामियों का आरोप लगाते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया। 2 सितंबर 2026 को अदालत ने CBI जांच का रास्ता साफ किया। अदालत के सामने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और ADR की कॉपी परिवार को उपलब्ध नहीं कराए जाने का मुद्दा भी उठा था। अब CBI की जांच में अस्पताल पहुंचाने वाली कथित तीसरी महिला की पहचान और उस रात की पूरी घटनाक्रम की कड़ियां अहम रहेंगी। फिलहाल महिला की पहचान सार्वजनिक नहीं हुई है और उसके बारे में किसी तरह का निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगा।


