Mumbai Airport Gold Smuggling : DRI मुंबई ने मुपर सोने की तस्करी करने वाले एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। इस मामले में एयरलाइन के दो कर्मचारियों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से करीब 5.47 करोड़ रुपये का 3.47 किलो सोना बरामद हुआ है।

मुंबई (महाराष्ट्र) : डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की मुंबई यूनिट को एक पक्की खबर मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। DRI ने छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी करने वाले एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस रैकेट में ट्रांजिट यात्री और एयरलाइन का स्टाफ भी शामिल था।

तस्कर का 50 किलोमीटर तक किया पीछा

  • DRI के मुताबिक, तस्करी के सोने को एयरपोर्ट से बाहर निकालने वाले एयरलाइन के एक कर्मचारी को पकड़ने के लिए टीम को करीब 50 किलोमीटर तक उसका पीछा करना पड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से मोम में लिपटे सोने के डस्ट वाले तीन कैप्सूल मिले।
  • पूछताछ में उसने बताया कि यह सोना उसे ट्रांजिट एरिया में एक यात्री ने दिया था। उसने यह भी कबूल किया कि एक और महिला एयरलाइन स्टाफ इस काम में शामिल है, जो सोने को एयरपोर्ट से बाहर निकालने में मदद करती है। इसके बाद, DRI ने उस महिला कर्मचारी को भी एयरलाइन काउंटर के पास से पकड़ लिया।
  • उस महिला ने पूछताछ में दो और ट्रांजिट यात्रियों के शामिल होने की बात बताई। इस जानकारी के आधार पर DRI अधिकारियों ने चुपचाप निगरानी रखी और दो भारतीय ट्रांजिट यात्रियों को उस वक्त रंगे हाथों पकड़ा, जब वे एयरलाइन स्टाफ को सोना सौंप रहे थे। ये यात्री मस्कट और दुबई से आए थे।

सोने की कीमत 5 करोड़

  • DRI ने बताया कि इसके तुरंत बाद एक और ऑपरेशन में उस हैंडलर को भी दबोच लिया गया, जो एयरलाइन स्टाफ के साथ को-ऑर्डिनेट कर रहा था।
  • इस पूरी कार्रवाई में कुल 8 कैप्सूल बरामद हुए, जिनमें 3.47 किलो सोने का डस्ट मोम के रूप में था। इस सोने की कीमत लगभग 5.47 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसे कस्टम्स एक्ट, 1962 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया है। इस मामले में दो ट्रांजिट यात्रियों और एयरलाइन के दो कर्मचारियों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
  • DRI, मुंबई ज़ोनल यूनिट की यह कार्रवाई दिखाती है कि एजेंसी खुफिया जानकारी के आधार पर संगठित सोने की तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने और एयरपोर्ट के जरिए होने वाले अवैध सोने के कारोबार को रोकने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।