Nashik Earthquake: महाराष्ट्र के नासिक में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में भी धरती कांपी. आपको बता दें कि तीन दिन पहले पालघर में भी भूकंप आया था.

Earthquake News: शुक्रवार सुबह महाराष्ट्र के नासिक से लेकर हिमाचल प्रदेश के चंबा और अफगानिस्तान तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, कुल चार भूकंप दर्ज किए गए, जिनमें सबसे ज्यादा तीव्रता 4.4 रही। राहत की बात है कि अभी तक किसी बड़े नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।

नासिक में 3.4 तीव्रता का भूकंप

महाराष्ट्र के नासिक में शुक्रवार सुबह 5 बजकर 32 मिनट 39 सेकंड पर भूकंप दर्ज किया गया। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.4 मापी गई। भूकंप की गहराई जमीन के भीतर करीब 3 किलोमीटर थी।

भूकंप का केंद्र 20.461 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 73.748 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। इससे तीन दिन पहले महाराष्ट्र के पालघर में भी भूकंप के दो झटके महसूस किए गए थे।

चंबा में सुबह-सुबह भूकंप के झटके

हिमाचल प्रदेश के चंबा में भी शुक्रवार सुबह भूकंप आया। यहां सुबह 6 बजकर 36 मिनट 28 सेकंड पर धरती हिली। भूकंप की तीव्रता 3.0 दर्ज की गई, जबकि इसकी गहराई जमीन के भीतर करीब 5 किलोमीटर थी।

चंबा में आए भूकंप का केंद्र 33.131 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 76.585 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। फिलहाल इस भूकंप से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

अफगानिस्तान में 12 मिनट के अंतराल पर दो झटके

अफगानिस्तान में शुक्रवार सुबह दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। पहला भूकंप सुबह 4 बजकर 29 मिनट 30 सेकंड पर आया, जिसकी तीव्रता 4.0 थी। इसकी गहराई जमीन के भीतर 147 किलोमीटर दर्ज की गई।

इसके करीब 12 मिनट बाद सुबह 4 बजकर 41 मिनट 54 सेकंड पर दूसरा भूकंप आया। इसकी तीव्रता 4.4 रही, जो शुक्रवार सुबह दर्ज किए गए चारों भूकंपों में सबसे ज्यादा थी। इस भूकंप की गहराई 136 किलोमीटर दर्ज की गई।

अब तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं

नासिक, चंबा और अफगानिस्तान में आए इन भूकंपों के बाद फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस होने के कारण स्थानीय स्तर पर लोगों में चिंता जरूर बनी हुई है।