मिस्र के गीजा में भीषण सड़क हादसा हुआ। कार के तेल टैंकर से टकराने के बाद आग लग गई। हादसे में 31 लोगों की मौत हो गई। मामले में 1 संदिग्ध गिरफ्तार हुआ।
मिस्र से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। राजधानी काहिरा के पास गीजा में एक कार पीछे से पेट्रोलियम पदार्थों से भरे टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पलट गई और देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई। इस हादसे में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल बताए गए हैं। मिस्र के गृह मंत्रालय ने हादसे का CCTV फुटेज जारी किया है, जिसमें टक्कर के बाद कार के पलटने और आग लगने का पूरा घटनाक्रम दिखाई देता है। हादसे के बाद हाईवे पर कई गाड़ियां जलकर खाक हो गईं। घटनास्थल से जली हुई बसों, कारों और अन्य वाहनों की तस्वीरें सामने आई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है। इस दर्दनाक हादसे ने मिस्र में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।













