कानपुर में एक शख्स की दूसरी शादी उसकी पहली पत्नी ने रुकवा दी। महिला ने दावा किया कि उनका तलाक नहीं हुआ है और केस कोर्ट में लंबित है। हंगामे के बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर शादी रोक दी।

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक मुस्लिम परिवार की शादी में ऐसा ड्रामा हुआ, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। शादी की रस्में चल ही रही थीं कि एक महिला स्टेज पर पहुंच गई। उसने दावा किया कि दूल्हा तो उसका कानूनी पति है और बिना तलाक दिए दूसरी शादी करने की कोशिश कर रहा है। इस हंगामे के बाद शादी रोक दी गई और मौके पर खूब बवाल हुआ। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर होने के बाद वायरल हो गए हैं।

तलाक का केस कोर्ट में

पुलिस को दी शिकायत में 27 साल की महिला ने बताया कि उसकी और 32 साल के इस शख्स की शादी 2022 में हुई थी। शादी के बाद पारिवारिक झगड़ों की वजह से दोनों अलग रहने लगे। महिला का कहना है कि तलाक का केस अभी भी कोर्ट में चल रहा है। इसी बीच, उसे एक पड़ोसी से पता चला कि उसका पति चोरी-छिपे दूसरी शादी कर रहा है। इसके बाद वह अपनी बहन के साथ शादी वाली जगह पर पहुंच गई।

View post on Instagram

View post on Instagram

शादी के मंडप में पहुंची पुलिस

शादी के मंडप में महिला के पहुंचते ही हंगामा मच गया। उसने दूल्हे और उसके परिवार वालों से सवाल-जवाब शुरू कर दिए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। कुछ देर के लिए शादी की रस्में रुक गईं। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस दूल्हे और दोनों परिवारों को थाने ले गई, जहां उनसे लंबी पूछताछ हुई। देर रात तक थाने में बातचीत चलती रही। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इस बात को लेकर बहस छिड़ गई है कि क्या कानूनी तौर पर तलाक पूरा हुए बिना कोई दूसरी शादी कर सकता है। पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर कागजात की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।