Five People Died in Bhagalpur: बिहार के भागलपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। यहां भारी बारिश के बीच अपने खेत देखने गए 4 बच्चों समेत 5 लोगों की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, एक बच्चा पहले गिरा, जिसे बचाने की कोशिश में बाकी लोग भी डूब गए।
Bhagalpur Drowning Incident: बिहार के भागलपुर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां के कोयली खुटहा गांव में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से चार बच्चों समेत पांच लोगों की जान चली गई। स्थानीय अधिकारियों और गांव वालों ने शुक्रवार को इस घटना की जानकारी दी। यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है और कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
अधिकारी ने की मौतों की पुष्टि
ग्राम पंचायत के मुखिया देवेंद्र कुमार ने मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि मरने वालों में एक महिला और चार बच्चे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से तीन बच्चे एक ही परिवार के थे। देवेंद्र कुमार ने कहा, "हमें जानकारी मिली है कि चार बच्चों और एक महिला की जान चली गई है। इनमें से कुछ पीड़ितों के खेत उस इलाके में थे।" उन्होंने आगे कहा, "हमने खुद तो यह नहीं देखा, लेकिन यह बहुत ही दिल दहला देने वाली घटना है। तीन बच्चे, जिनमें दो लड़के और एक लड़की थी, एक ही परिवार के थे, जबकि चौथा बच्चा एक मजदूर के परिवार का था।"
पड़ोसी ने क्या बताया?
एक पड़ोसी राजेश कुमार ने बताया कि पीड़ित लोग गांव के पास अपने खेत देखने गए थे, तभी वे पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में गिर गए। उन्होंने कहा, "इस घटना में एक ही परिवार के कुल पांच सदस्यों की मौत हो गई। वे गांव के पास ही अपने खेतों की स्थिति देखने गए थे।"
कैसे हुआ ये दर्दनाक हादसा?
मुखिया देवेंद्र कुमार ने बताया कि खेतों की ओर जाने वाली सड़क के दोनों तरफ गहरे गड्ढे हैं, जो बारिश के पानी से लबालब भरे हुए थे। उन्होंने बताया कि एक बच्चा फिसलकर गड्ढे में गिर गया, और उसे बचाने की कोशिश में बाकी लोग भी एक-एक कर पानी में गिर गए। उन्होंने कहा, "सड़क के दोनों तरफ पानी से भरे गहरे गड्ढे हैं, जिस वजह से एक बच्चा पानी में गिर गया। उसे बचाने की कोशिश में बाकी लोग भी अंदर गिर गए। उनमें से किसी को भी तैरना नहीं आता था।"
