अमेरिका के जॉर्जिया में शादी के कुछ घंटे बाद ही हेलिकॉप्टर क्रैश में मलयाली पायलट डेव फिजी की मौत हो गई। उनकी पत्नी जेस्नी घायल हो गईं। अंतिम संस्कार में जेस्नी ने अपने पति को याद किया, जिसे सुनकर सब रो पड़े।
जॉर्जिया: अमेरिका के जॉर्जिया में शादी के सिर्फ कुछ घंटे बाद हेलिकॉप्टर क्रैश में जान गंवाने वाले मलयाली युवक डेव फिजी को नम आंखों से आखिरी विदाई दी गई। शुक्रवार को प्रेज कम्युनिटी चर्च में उनका अंतिम संस्कार हुआ, जिसके बाद शव को ग्विनेट मेमोरियल पार्क में दफनाया गया।

यह हादसा पिछले शुक्रवार की रात को डॉसन काउंटी के पास एक जंगली इलाके में हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि उस वक्त हेलिकॉप्टर को पायलट निखिल नारगुंडकर उड़ा रहे थे। इस हादसे में डेव फिजी और पायलट निखिल दोनों की मौत हो गई थी, जबकि डेव की पत्नी जेस्नी घायल हो गईं लेकिन उनकी जान बच गई। अंतिम संस्कार के दौरान जेस्नी ने अपने पति से जुड़ी दिल छू लेने वाली यादें साझा कीं, जिसे सुनकर वहां मौजूद कई लोग अपने आंसू नहीं रोक पाए।
शादी के बाद नए जोड़े के लिए एक खास सरप्राइज के तौर पर रॉबिन्सन R66 हेलिकॉप्टर में राइड रखी गई थी। उनका प्लान डेकाल्ब-पीचट्री एयरपोर्ट जाने का था। लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हेलिकॉप्टर जंगल में क्रैश हो गया।
डेव खुद भी एक पायलट थे और बचपन से ही पायलट बनना चाहते थे। उन्हें खराब मौसम का अच्छा अंदाजा था। हेलिकॉप्टर के उड़ान भरने से ठीक पहले, डेव ने खराब मौसम और कम विजिबिलिटी को लेकर पायलट से अपनी चिंता जाहिर की थी। लेकिन पायलट ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। हादसे के बाद जेस्नी करीब छह घंटे तक हेलिकॉप्टर के मलबे में फंसी रहीं।
