अज्ञात बंदूकधारियों का खौफ या भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' का डर? पाकिस्तान में अचानक हाफिज सईद और मसूद अजहर के ठिकाने क्यों बदल दिए गए? लश्कर और जैश के इन सरगनाओं को कहां छिपाया गया है? क्या पाकिस्तान को अब अपने ही पाले हुए आतंकियों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है?
Hafiz Saeed-Masood Azhar: भारत में आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद और मसूद अजहर को लेकर पाकिस्तान से बड़ी खबर सामने आई है। खुफिया सूत्रों के मुताबिक, 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद दोनों आतंकियों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इतना ही नहीं, पिछले एक सप्ताह के दौरान उन्हें चुपचाप उनके पुराने ठिकानों से हटाकर पाकिस्तान के अलग-अलग सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचा दिया गया है। इसके पीछे भारत की संभावित कार्रवाई और पाकिस्तान में सक्रिय 'अज्ञात बंदूकधारियों' का डर बताया जा रहा है।
आखिर कहां छिपाए गए हाफिज सईद और मसूद अजहर?
- हाफिज सईद: खुफिया सूत्रों के अनुसार, लश्कर-ए-तैयबा के सरगना को लाहौर के जौहर टाउन से हटाकर रावलपिंडी के गैरीसन ग्राउंड इलाके में ले जाया गया है, जो पाकिस्तानी सेना मुख्यालय के बेहद करीब है।
- मसूद अजहर: जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर को सिंध प्रांत के नवाबशाह स्थित एक गुप्त और सुरक्षित ठिकाने पर रखा गया है। बताया जा रहा है कि दोनों ठिकानों की सुरक्षा ISI की निगरानी में है।
'अज्ञात बंदूकधारियों' का डर या भारत की कार्रवाई की आशंका?
- तीसरा नेत्र बना काल: हाल के महीनों में पाकिस्तान में कई भारत-विरोधी आतंकियों को 'अज्ञात बंदूकधारियों' ने ढेर किया है, जिससे इन आकाओं की नींद उड़ी हुई है।
- तबाह हुआ नेटवर्क: 'ऑपरेशन सिंदूर' में आतंकी ढांचे ध्वस्त होने और भारत की संभावित नई कार्रवाई के डर से यह कदम उठाया गया है। बहावलपुर स्थित जैश मुख्यालय 'मरकज' को भारी नुकसान पहुंचने के बाद से संगठन बिखरा हुआ है।
आमने-सामने की मुलाकात बंद, अब ऑडियो संदेशों का सहारा
सूत्रों का दावा है कि हाफिज सईद ने लश्कर के सदस्यों से सीधे मिलना बंद कर दिया है। अब वह केवल ऑडियो संदेशों के जरिए संगठन के लोगों से संपर्क करता है। उसकी आवाजाही पर भी कड़ी पाबंदियां लगाई गई हैं। दूसरी तरफ, मसूद अजहर भी संगठन के ज्यादातर सदस्यों से दूरी बनाए हुए है और केवल चुनिंदा शीर्ष कमांडरों के संपर्क में है।
जेल में सजा काटने का दावा, लेकिन सुरक्षित ठिकाने पर होने की चर्चा
पाकिस्तान का आधिकारिक दावा है कि हाफिज सईद लाहौर की कोट लखपत जेल में आतंकवाद के लिए फंडिंग से जुड़े मामलों में सजा काट रहा है। हालांकि, भारतीय खुफिया सूत्र इस दावे को दिखावा बताते हैं। उनके मुताबिक, सईद जेल में नहीं बल्कि एक सुरक्षित ठिकाने पर रह रहा है।
ऑपरेशन सिंदूर से जैश को भी लगा बड़ा झटका
बहावलपुर स्थित जैश-ए-मोहम्मद के मुख्यालय मरकज को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारी नुकसान पहुंचा था। इसके बाद संगठन को दोबारा खड़ा होने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र ने हाफिज सईद और मसूद अजहर दोनों को वैश्विक आतंकवादी घोषित किया है। सईद 26/11 मुंबई हमलों में वांछित है, जबकि अजहर का नाम पुलवामा, पठानकोट और संसद हमले जैसे आतंकी मामलों से जुड़ा रहा है। फिलहाल खुफिया सूत्रों का दावा है कि दोनों जेल में नहीं, बल्कि पाकिस्तान की एजेंसियों की सुरक्षा में हैं














