Hazrat Nizamuddin Station New Entry Route: क्या आप हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से यात्रा करने वाले हैं? क्या आपको पता है कि सराय काले खां वाला एंट्री गेट बंद कर दिया गया है? अब स्टेशन में एंट्री किस रास्ते से होगी? नमो भारत फुट ओवरब्रिज से कितनी आसानी से पहुंच सकेंगे यात्री? जानिए पूरी अपडेट।

Hazrat Nizamuddin Railway Station: अगर आप आने वाले दिनों में हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली से ट्रेन पकड़ने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले यह अपडेट जान लेना आपके लिए जरूरी है। स्टेशन पर चल रहे बड़े रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के कारण सराय काले खां की ओर स्थित एंट्री और एग्जिट गेट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। ऐसे में कई यात्री पुराने रास्ते से पहुंचकर परेशानी का सामना कर सकते हैं। रेलवे का कहना है कि स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए निर्माण कार्य तेज किया गया है। इसी वजह से यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव लागू किया गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अब किस रास्ते से होगी स्टेशन में एंट्री?

पहले सराय काले खां की तरफ से सीधे स्टेशन परिसर में प्रवेश करने वाले यात्रियों को अब नया रास्ता अपनाना होगा। रेलवे ने यात्रियों के लिए नमो भारत स्टेशन के फुट ओवरब्रिज (FOB) को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के फुट ओवरब्रिज से जोड़ दिया है। इस नए कनेक्शन के जरिए यात्री नमो भारत स्टेशन के गेट नंबर 1 और 2 से सीधे रेलवे स्टेशन तक पहुंच सकते हैं। रेलवे के मुताबिक दोनों स्टेशनों के बीच पैदल पहुंचने में करीब पांच मिनट का समय लगेगा।

सड़क पार करने की झंझट खत्म

इस बदलाव का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यात्रियों को अब व्यस्त सड़क पर निकलकर स्टेशन तक पहुंचने की जरूरत नहीं होगी। नया फुट ओवरब्रिज सीधे दोनों परिसरों को जोड़ता है, जिससे इंटरचेंज पहले की तुलना में ज्यादा आसान और सुरक्षित हो गया है। करीब 300 मीटर लंबा यह हाईटेक फुट ओवरब्रिज खास तौर पर यात्रियों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए तैयार किया गया है।

स्टेशन पर क्या-क्या काम चल रहा है?

निजामुद्दीन स्टेशन के पुनर्विकास के तहत कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। इसमें नई सीढ़ियों का निर्माण, एस्केलेटर और लिफ्ट लगाना, बुकिंग ऑफिस का आधुनिकीकरण, यात्रियों के लिए बेहतर शौचालय और फुट ओवरब्रिज के डेक का विस्तार शामिल है। रेलवे का कहना है कि इन कार्यों के पूरा होने के बाद स्टेशन पर यात्रियों को पहले से अधिक आधुनिक और सुविधाजनक सुविधाएं मिलेंगी।

यात्रा से पहले यह बात जरूर ध्यान रखें

अगर आपकी ट्रेन हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से है और आप सराय काले खां की तरफ से आने वाले हैं, तो अतिरिक्त समय लेकर निकलें और नए फुट ओवरब्रिज वाले मार्ग का इस्तेमाल करें। इससे स्टेशन पहुंचने में किसी तरह की असुविधा से बचा जा सकेगा और आपकी यात्रा भी आसान रहेगी।