Japan Oil Reserve: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ किसी भी तरह की बातचीत से इनकार कर दिया है। वहीं, ईरान का कहना है कि अगर अमेरिका चाहता है कि होर्मुज जलडमरूमध्य का रास्ता खुले, तो उसे पहले आर्थिक पाबंदियां हटानी होंगी।
Strait of Hormuz: पश्चिमी एशिया में तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से जहाजों की आवाजाही पर अनिश्चितता बनी हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कर दिया है कि वो ईरान से कोई बातचीत नहीं करेंगे। वहीं, ईरान इस बात पर अड़ा है कि होर्मुज का रास्ता तभी खुलेगा जब अमेरिका उस पर लगी आर्थिक पाबंदियां हटाएगा। होर्मुज में संकट गहराने से दुनिया भर में तेल की कीमतें बढ़ रही हैं। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 91 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है।
इस संकट को देखते हुए सऊदी अरब और UAE खाड़ी क्षेत्र के बाहर सुरक्षित जगहों पर अपना तेल भंडार बढ़ाने की तैयारी में हैं। जापान ने भी अपने तेल भंडार को दस गुना तक बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस बीच, होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खुलवाने के लिए अमेरिका और ओमान, ईरान के साथ अलग-अलग बातचीत कर रहे हैं। कुछ समय पहले, ईरानी अधिकारियों ने कहा था कि ओमान के साथ उनका समझौता लगभग फाइनल होने वाला है। इस खबर के बाद ही ट्रंप ने अपने सहयोगी देश ओमान को ही धमकी दे डाली। ट्रंप ने कहा कि अगर होर्मुज को खोलने की ओमान की कोशिशें अमेरिकी हितों के खिलाफ गईं, तो वो ओमान पर बमबारी कर देंगे।
ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को फरवरी से बंद कर रखा है। यह कदम उसने तब उठाया जब अमेरिका और इज़राइल ने उस पर हमला किया था। होर्मुज के दक्षिणी छोर पर स्थित ओमान ने इस पूरे विवाद में खुद को तटस्थ बताया है। हालांकि, ईरान की तरफ से ओमान पर एक से ज्यादा बार हमले हो चुके हैं। इन सब के बीच ओमान इस रास्ते को खुलवाने के लिए ईरान से अहम बातचीत कर रहा है।
